राष्ट्रीय

आर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसान युवा क्लब की सराहनीय पहल फसलों में रसायन मांपने के लिए विदेश से मशीन आयात करेगा केवाईसी : बेनिवाल

आर्गेनिक खेती से महंगे रासायनिक उर्वरकों व कीटनाशकों पर नहीं रहती किसानों की निर्भरता : बेनिवाल

भिवानी, (ब्यूरो): ऑर्गेनिक खेती ना केवल पर्यावरण एवं मानव स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है, बल्कि यह किसानों की आर्थिक स्थिरता और दीर्घकालिक कृषि उत्पादन के लिए भी आवश्यक है। ऐसे में आर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसान युवा क्लब ने एक सराहनीय कदम बढ़ाते हुए विदेश से रसायन (जहर) मांपने की मशीन मंगवाने का फैसला लिया है। जिसके तहत किसानों के खेत-खेत जाकर फसलों में रसायन (जहर) मांपा जाएगा तथा उन्हे जहरमुक्त खेती करने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि भविष्य में एक स्वस्थ और संतुलित कृषि प्रणाली विकसित की जा सके। यह जानकारी देते हुए किसान युवा क्लब के संस्थापक सदस्य राकेश बेनिवाल ने कहा कि केवाईसी का मुख्य उद्देश्य जहरमुक्त खेती को नकारते हुए किसानों को आर्गेनिक खेती को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि आर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसान युवा क्लब द्वारा विदेश से एक मोबाईल मशीन आयात करवाई जाएगी, जिससे खेती में रसायन (जहर) को मांपा जा सकें। उन्होंने बताया कि इस मशीन के आने के बाद केवाईसी द्वारा खेत-खेत जाकर फसलों में रसायन (जहर) को मांपा जाएगा, जो कि पूरी तरह से नि:शुल्क होगा। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे मात्रा की बजाए गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में जोर दे, क्योंकि खेती की गुणवत्ता बढ़ाकर ही वे समृद्ध हो सकते है। बेनिवाल ने कहा कि ऑर्गेनिक खेती एक प्राकृतिक एवं टिकाऊ कृषि प्रणाली है, जो रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के बिना की जाती है। उन्होंने बताया कि आर्गेनिक खेती में हानिकारक रसायनों का उपयोग नहीं किया जाता, जिससे मिट्टी की गुणवत्ता बनी रहती है और जल स्रोतों में प्रदूषण नहीं फैलता। उन्होंने कहा कि ऑर्गेनिक खेती में हरी खाद, कंपोस्ट और जैव उर्वरकों का उपयोग किया जाता है, जिससे मिट्टी की उपजाऊ शक्ति बनी रहती है। बेनिवाल ने कहा कि आर्गेनिक खेती से किसानों की निर्भरता महंगे रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों पर नहीं रहती, जिससे उनकी उत्पादन लागत कम होती है। ऐसे में आर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसान युवा क्लब द्वारा इस मुहिम को सिरे चढ़ाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button