एक्सक्लूसिव खबरेंहरियाणा

दिल्ली से नशे की तस्करी करने गुड़गांव आई थी नाइजीरियन महिला, गिरफ्तार

दिल्ली से नशे की तस्करी करने गुड़गांव आई नाइजीरियन महिला को गुड़गांव पुलिस ने काबू कर लिया है। महिला को सूचना के आधार पर काबू करते हुए पुलिस ने उसके कब्जे से नशीला पदार्थ भी बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पता लगाने में जुटी है कि आखिर वह किस वीजा पर भारत आई थी। सेक्टर-53 थाना प्रभारी के मुताबिक, यह भी पता लगाया जा रहा है कि आखिर महिला यह नशीला पदार्थ कहां से लाई थी और वह कब से इस नशा तस्करी में शामिल है।

पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-53 थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गुड़गांव के सेक्टर-53 थाना एरिया में एक नाइजीरियन महिला नशा तस्करी का कार्य कर रही है। वह रोजाना दिल्ली से गुड़गांव नशीला पदार्थ तस्करी करने के लिए आती है। इस सूचना पर एक टीम तैयार की गई। इस टीम में पुलिसकर्मियों के साथ-साथ एक सिक्योरिटी गार्ड को भी शामिल किया गया। आज सुबह करीब पौने चार बजे एक महिला को सूचना के आधार पर सेक्टर-53 की पारस बिल्डटेक बिल्डिंग सेक्टर-54 के पास से काबू किया गया।

राजपत्रित अधिकारी के समक्ष उस महिला की नियमानुसार जांच की गई जिसके पास से नशीला पदार्थ MDMA बरामद किया गया। इस पर महिला के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना प्रभारी की मानें तो महिला के पास से प्रारंभिक तौर पर पासपोर्ट भी बरामद नहीं हुआ है। उसने बताया कि वह दिल्ली के महरौली क्षेत्र में रहती है। अब पुलिस महिला के बताए गए पते पर जाकर तलाशी लेगी।

Related Articles

Back to top button