हरियाणा

किरण चौधरी व श्रुति चौधरी कैरू में खुलवाएं आईआईटी: जितेन्द्र भोलू

विभिन्न संगठनों ने कैरू में आईआईटी खोलने की मांग की

भिवानी, (ब्यूरो): हरियाणा की राजनीति में तोशाम हल्के का अहम योगदान है। इस हल्के ने हरियाणा प्रदेश व केन्द्र में बड़े कदावर नेता दिए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौ. बंसीलाल जोकि तोशाम हल्के के गांव गोगलागढ़ से थे वे हरियाणा के मुख्यमंत्री ही नहीं केन्द्र में भी रेल मंत्री व रक्षा मंत्री रहे हैं। उनके बेटे पूर्व कृषि मंत्री स्व. सुरेन्द्र सिंह भिवानी महेन्द्रगढ़ से सांसद व प्रदेश में कृषि मंत्री रहे हैं। अब उनकी पौत्री श्रुति चौधरी मौजूदा सरकार में प्रदेश में कैबिनेट मंत्री हैं तथा उनकी पुत्रवधू किरण चौधरी राज्यसभा सांसद हैं। इसके बावजूद भी तोशाम हल्का आईआईटी व खेल विश्वविद्यालय से वंचित रहा है। यहां के युवाओं को उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए तथा खिलाडिय़ों को बेहतरीन प्रशिक्षण लेने के लिए जिले से बाहर जाना पड़ता है। यह बात युवा छात्र संघर्ष समिति के अध्यक्ष, युवा कल्याण संगठन के सदस्य एवं समाजसेवी जितेन्द्र भोलू ने कमल सिंह प्रधान के ब्यान का समर्थन करते हुए प्रदेश व केन्द्र सरकार से गांव कैरू में आईआईटी व जिले में खेल विश्वविद्यालय खोलने की मांग करते हुए कही। उन्होंने कहा कि अबभी यहां से दो सांसद धर्मबीर सिंह व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी व एक कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी हैं। इसके बावजुद भी यहां के युवा सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांव कैरू में लगभग एक हजार एकड़ भूमि ग्राम पंचायत के पास उपलब्ध है यहां पर आईआईटी व खेल विश्वविद्यालय की स्थापना आसानी से की जा सकती है। उन्होंने कहा कि यह गांव छह हल्कों के बीच स्थित है। उन्होंने कहा कि सांसद धर्मबीर सिंह ने संसद में जो मुद्द उठाया है उसे तोशाम में अमलीजामा पहनाया जाए। इस अवसर पर मुकेश शर्मा ढाणी माहु, अमित अत्री, अनिल शेषमा, राजेश ढागर, राजबीर खारियावास समेत अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button