राजनीतिहरियाणा

‘जेजेपी से गठबंधन न तोड़ा तो भाजपा को 20 सीट भी नहीं मिलेंगी’ नायब सैनी के सामने बीरेंद्र सिंह की हुंकार

न्यूज़ डेस्क हरियाणा । जीन्द । नगर संवाददाता । पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने एक बार फिर जेजेपी के साथ गठबंधन तोड़ने की बात भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी के स्वागत समारोह में दोहराई। बीरेंद्र सिंह ने एक तरह से भाजपा को चेतावनी ही दे डाली। जींद में बीरेंद्र सिंह ने कहा कि यदि जेजेपी के साथ भाजपा ने गठबंधन नहीं तोड़ा तो भाजपा की विधानसभा चुनाव में 20 सीटें भी नहीं आएंगी।

जीन्द पहुंचे भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी का श्याम गार्डन में अभिनंदन समारोह था। यहां काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। यहां मंच से पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी को साफ तौर पर कहा कि जेजेपी से भाजपा ने अपना गठबंधन नहीं तोड़ा तो भाजपा को विधानसभा की 20 सीट भी नहीं मिल पाएंगी।

बीरेंद्र सिंह ने भाजपा और जेजेपी गठबंधन को पैसों से भी बड़ा राजनीतिक भ्रष्टाचार करार दिया और इसे तुरंत तोड़ने की सलाह दी। बीरेंद्र सिंह ने पहले नायब सैनी को यह बताया कि हरियाणा भाजपा में उन समेत ऐसे अनेक नेताओं को आज भी बाहरी माना जाता है, जो केंद्र में मंत्री रह चुके हैं, जो इस समय सांसद और विधायक हैं। उन्होंने मंच पर मौजूद सोनीपत के भाजपा सांसद रमेश कौशिक से लेकर भिवानी महेंद्रगढ़ के सांसद धर्मवीर सिंह, भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा, कर्मवीर सैनी, पूर्व विधायक कलीराम पटवारी के नाम लिए।

बीरेंद्र सिंह ने कहा कि जिन लोगों को भाजपा बाहरी मान रही है, उनके कारण ही भाजपा सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि अगर मनोहर लाल को दोबारा मुख्यमंत्री बनाना है तो जेजेपी के साथ गठबंधन तोड़ना पड़ेगा। उन्होंने नायब सैनी को यह सलाह दी कि पार्टी में उन कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया जाए, जो मेहनती और समर्पित हैं।

 

Related Articles

Back to top button