हरियाणा

धूमधाम से मनाया गया पृथ्वी दिवस

प्लास्टिक बनाम पृथ्वी थीम पर आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम

भिवानी, (ब्यूरो): भिवानी जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के चेयरमैन एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश डीआर चालिया के निर्देशानुसार डीपीआर भिवानी पब्लिक स्कूल में पृथ्वी दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सीजेएम-कम-सचिव पवन कुमार बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुये। स्कूल डायरेक्टर आशा पाहुजा व प्रिंसिपल पुलकित पाहुजा ने सीजेएम पवन कुमार का पुष्पगुच्छ देकर व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस वर्ष पृथ्वी दिवस की थीम प्लास्टिक बनाम पृथ्वी थी, जिसके माध्यम से प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों और पृथ्वी के संरक्षण के महत्व पर बल दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल प्रांगण में पौधारोपण कर किया गया। प्राधिकरण के सीजेएम-कम-सचिव पवन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि पृथ्वी एकमात्र ऐसा ग्रह है जहां जीवन संभव है। पृथ्वी पर जीवन के लिए आवश्यक वायु, जल, मिट्टी और अनुकूल तापमान मौजूद हैं। परंतु, वर्तमान में अनियंत्रित औद्योगिकीकरण और प्लास्टिक के अत्यधिक उपयोग के कारण पृथ्वी पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक बनाम पृथ्वी थीम का मुख्य उद्देश्य प्लास्टिक प्रदूषण को रोकना और पृथ्वी के प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना है। अगर हम अभी नहीं जागे तो वह दिन दूर नहीं जब जल, वायु और भूमि सभी दूषित हो जाएंगी और जीवन संकट में पड़ जाएगा। सीजेएम पवन कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को बचपन से ही पर्यावरण संरक्षण की शिक्षा देना आवश्यक है। यदि आज के बच्चे प्लास्टिक के दुष्प्रभावों को समझ जाएंगे तो भविष्य में एक स्वच्छ और हरी-भरी पृथ्वी का निर्माण संभव हो सकेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को प्लास्टिक का उपयोग कम करने, पुन: उपयोग और की आदत डालने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पृथ्वी दिवस केवल एक दिन मनाने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हमें हर दिन पृथ्वी के प्रति अपने कर्तव्यों को याद दिलाता है। हम सभी को मिलकर ऐसे छोटे-छोटे कदम उठाने चाहिए जो पृथ्वी को सुंदर, स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखें। सीजेएम पवन कुमार ने गणित ओलिंपियाड में शानदार जीत दर्ज करने वाले बच्चों को गोल्ड मेडल वितरित करके सम्मानित किया। इस दौरान सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों ने मिलकर पृथ्वी को बचाने का संकल्प लिया। संकल्प में शामिल था प्लास्टिक का प्रयोग कम करना, जल और ऊर्जा का संरक्षण करना, अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना और प्राकृतिक संसाधनों का सम्मान पूर्वक उपयोग करना। इस मौके पर स्कूल प्रबंधक आशा पाहुजा, प्रधानाचार्य पुलकित पाहुजा, शिक्षिका पूनम, कोऑर्डिनेटर प्रियंका चौधरी, सहित स्कूल स्टाफ व विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button