धर्म/अध्यात्महरियाणा

राजयोग से जीवन में आने वाला परिवर्तन किसी मैजिक से कम नहीं ओम शांति रिट्रीट सेंटर में हुआ तीन दिवसीय मैजिक ऑफ मेडिटेशन कार्यक्रम

अनुभवी वक्ताओं द्वारा दी गई आध्यात्मिकता के गूढ़ विषयों की जानकारी कार्यक्रम में 400 से भी अधिक लोगों ने की शिरकत

गुरुग्राम, (ब्यूरो): ब्रह्माकुमारीज के ओम शांति रिट्रीट सेंटर में तीन दिवसीय मैजिक ऑफ मेडिटेशन कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें 400 से भी अधिक लोगों ने शिरकत की। संस्था के अलवर सेवाकेंद्र प्रभारी राजयोगिनी ममता दीदी ने कहा कि मानवीय जीवन का महत्व तभी है जब उसमें मूल्य समाहित हों। ब्रह्माकुमारीज़ संस्था का परिचय देते हुए उन्होंने कहा कि संस्था का मूल आधार श्रेष्ठ मूल्य हैं। उन्होंने कहा कि संस्था के संस्थापक पिताश्री ब्रह्मा बाबा ने कभी भी मूल्यों से समझौता नहीं किया। ब्रह्मा बाबा के जीवन में सदा त्याग, तपस्या और सेवा का बल निहित रहा। जो भी उन्हें मिलता उसे अपनापन नजर आता। सभी को उनमें एक अलौकिक पिता की छवि दिखाई देती थी। जीबी पंत हॉस्पिटल से आए न्यूरोलॉजिस्ट डॉ.स्वप्न गुप्ता ने कहा कि राजयोग मन को शक्तिशाली बनाता है। राजयोग मेडिटेशन हमारी शारीरिक और मानसिक प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि जीवन में दुखों का कारण प्रकृति के किसी न किसी नियम का उल्लंघन करना है। मन की कमजोरी ही नियम तोडऩे के लिए विवश करती है। राजयोग की शक्ति मन को नियंत्रित करती है। राजयोग हमें आत्मा के मूल गुणों से जोड़ता है। राजयोग से जीवन में जो परिवर्तन आता है वास्तव में किसी मैजिक से कम नहीं है। इस अवसर पर विशेष रूप से ओआरसी की निदेशिका राजयोगिनी आशा दीदी ने कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभा को संबोधित किया। उन्होंने अपने आशीर्वचन में कहा कि राजयोग से ही आत्म-शुद्धिकरण संभव है। उन्होंने कहा कि मन के व्यर्थ एवं नकारात्मक संकल्पों से ही आत्मा की शक्ति नष्ट होती है। राजयोग हमें सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। कार्यक्रम में गुरुग्राम से योगा विशेषज्ञ बीके नरेंद्र ने योगा की भिन्न-भिन्न मुद्राओं एवं आसनों का अभ्यास कराया। तीन दिवसीय कार्यक्रम में अनुभवी वक्ताओं द्वारा आध्यात्मिकता के अनेक गूढ़ विषयों की जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम को बीके विधात्री, बीके सुनैना, बीके दिव्या, बीके येशु एवं बीके पारुल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन बीके फाल्गुनी ने किया। कार्यक्रम में 400 से भी अधिक लोगों ने शिरकत की।

Related Articles

Back to top button