हरियाणा

समाज में तीज-त्यौहार का उत्सव महिलाओं के बिना अधूरा : मनोहर लाल

महिलाओं का सशक्तीकरण मोदी और मनोहर सरकार की प्राथमिकता : कृष्ण पाल

न्यूज़ डेस्क हरियाणा । चण्डीगढ़ । राकेश गुप्ता । हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि समाज में तीज-त्यौहार का उत्सव महिलाओं के बिना अधूरा है। महिलाएं समाज की अहम कड़ी हैं और हमारी सरकार ने महिलाओं को सशक्त व समृद्ध करने के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं। मुख्यमंत्री शुक्रवार को फरीदाबाद के सूरजकुंड में आयोजित धनतेरस महिला सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।

मनोहर लाल ने धनतेरस, छोटी दिपावली, दिपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सूरजकुंड में पहली बार दिवाली मेला आयोजित किया जा रहा है, जो 3 नवंबर, 2023 को शुरू हुआ था। इसी प्रकार, एक मेला आज से शुरू होकर 22 जनवरी, 2024 तक भगवान श्रीराम की जन्म भूमि अयोध्या में भी आयोजित होगा। 22 जनवरी को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भगवान श्रीराम के मंदिर का उद्घाटन करेंगे। उस दिन हम सभी के लिए एक और दिवाली होगी, उसके लिए आपको सभी को अग्रिम बधाई।

उन्होंने कहा कि इससे पहले भी हरियाली तीज उत्सव पर राज्य सरकार की ओर से एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें लगभग 50 हजार महिलाओं को मेरी ओर से एक भाई स्वरूप कोथलियां दी गई थी। आज भी इस कार्यक्रम में सभी महिलाओं को एक दीपक, कैलेंडर और अन्य वस्तुएं भेंट स्वरूप दी जाएंगी। मनोहर लाल ने कहा कि विगत 9 वर्षों में केंद्र सरकार और राज्य सरकार ने हर वर्ग के कल्याण के लिए काम किया है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विशेष योजनाएं चलाई गई हैं, जिसे धरातल तक पहुंचाकर सभी को लाभ प्रदान करना सुनिश्चित किया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महिलाओं को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल ने कहा कि महिलाओं का सशक्तीकरण मोदी और मनोहर सरकार की प्राथमिकता रही है। महिलाओं की आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक तरक्की को बढ़ावा देने और उनके सामाजिक जीवन को और बेहतर करने के लिए सरकार ने कई योजनाएं चलाई हैं। इस मौके पर परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, विधायक सीमा त्रिखा, राजेश नागर, हरियाणा पर्यटन निगम के अध्यक्ष अरविंद यादव, उपायुक्त विक्रम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी व बड़ी संख्या में महिलाएं एवं अन्य विशिष्ट अतिथिगण उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button