युवा नशे से दूर रह कर सकारात्मक जीवन जीए: रीतू यादव
फरीदाबाद , (ब्यूरो): जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फरीदाबाद द्वारा शिक्षा विभाग के सहयोग से शासकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एनआईटी नं. 3 में नशा विरोधी जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को रीतू यादव, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-कम-सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फरीदाबाद ने स्कूल की प्राचार्या के साथ मिलकर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विद्यालय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हाथों में नशा मुक्ति के संदेश वाले प्लेकार्ड लेकर जागरूकता फैलायी। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-कम-सचिव ने छात्राओं को सरल भाषा में बताया कि नशा क्या होता है, यह मानव शरीर पर किस प्रकार बुरा प्रभाव डालता है, तथा एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत नशे से जुड़े अपराधों के लिए कड़े दंड का प्रावधान है। उन्होंने सभी से नशे से दूर रहने और स्वस्थ, सकारात्मक जीवन अपनाने का आह्वान किया। रैली ने आसपास के क्षेत्रों में जाकर लोगों को नशा मुक्त समाज का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आम जनता में जागरूकता फैलाना था। स्कूल प्रिंसिपल रजनी व लीगल लिटरेसी इंचार्ज समेत अन्य सभी अध्यापक गण तथा रविंद्र गुप्ता डिफेंस काउंसिल भी उपस्थित रहे।




