नारीशक्ति आम आदमी पार्टी में सुरक्षित नहीं: अनुराग ठाकुर
महिला सांसद की पिटाई पार्टी ने या परिवार ने कराई?
नई दिल्ली, 14मई। केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल द्वारा मुख्यमंत्री आवास पर अरविंद केजरीवाल के पीए द्वारा उनसे अभद्रता और मारपीट किए जाने के आरोपों पर मीडिया के सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा “आम आदमी पार्टी का पहले अरविंद एडवरटिसमेंट पार्टी और अब अरविंद असॉल्ट पार्टी बनना यह दिखाता है कि इसके संयोजक अरविंद केजरीवाल और इनके लोग कितना गिर चुके हैं। नारी शक्ति आम आदमी पार्टी में सुरक्षित नहीं है। जब दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास में आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद जो दिल्ली महिला आयोग की चेयरपर्सन रह चुकी हैं वही सुरक्षित नहीं है तो फिर दूसरी महिलाएं क्या सुरक्षित होंगी? इसमें एक प्रश्न यह भी उठता है कि यह पिटाई पार्टी ने कराई है या परिवार ने कराई है? पीए ने की है या किसी और ने की है? अभी तक परिवार से कुछ लोग नेतृत्व करने के लिए सामने आते दिख रहे थे। तो क्या यह उसका तनाव है? और क्या यह तनाव 2 तारीख को और बढ़ जाएगा जब केजरीवाल जी फिर से जेल जाएंगे? इन सबसे स्पष्ट दिख रहा है कि आम आदमी पार्टी में कुछ भी ठीक नहीं है। एक महिला सांसद के ऊपर इस तरह के व्यवहार पर आम आदमी पार्टी के अन्य लोगों को बोलना चाहिए और इसकी जांच भी होनी चाहिए।”
अनुराग ठाकुर ने आगे जनता से आम आदमी पार्टी को वोट न करने की अपील करते हुए कहा कि “आज पूरा देश आज अरविंद केजरीवाल का असली चेहरा पहचान चुका है। यह लोग मात्र 22 सीटों पर लड़ रहे हैं और पूरे देश को झूठे वादे और झांसे दे रहे हैं। पिछली बार भी इन्होंने बड़े-बड़े वादे किए थे पर एक भी पूरे नहीं किए। इन्होंने दिल्ली की जनता को शर्मसार करने का काम किया है। आज लगभग पूरी दिल्ली सरकार भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों में जेल में है। दिल्ली की जनता आज स्थिरता और विकास चाहती है। उन्हें जेल जाने वाले लोगों को वोट नहीं देना है।”