बिहार

तेजस्वी यादव को क्या हुआ? अचानक व्हीलचेयर पर बैठकर विधानसभा पहुंचे बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम

बिहार विधानसभा में बजट सत्र के पहले दिन विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव व्हीलचेयर पर बैठकर विधानसभा पहुंचे. व्हीलचेयर पर बैठे तेजस्वी यादव का वीडियो सामने आने के बाद से यह सवाल उठा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को क्या हुआ, क्या वह बीमार हैं या उन्हें कोई और तकलीफ हुई है?

इसका जवाब खुद तेजस्वी यादव ने ही दिया. उन्होंने बताया कि लगभग 8-9 दिन पहले 25 जनवरी को उन्हें ठोकर लग गई थी. इस वजह से उनके पैर में चोट लगी और पैर के अंगूठे का नाखून उखड़ गया.

उन्होंने बताया किअंगूठे में चोट लगने की वजह से उन्हें चलने में दिक्कत हो रही है और इसी वजह है कि सोमवार को विधानसभा का बजट सत्र शुरू होने के पहले दिन तेजस्वी यादव कुछ लोगों की मदद से व्हीलचेयर पर बैठकर विधानसभा पहुंचे.

तेजस्वी यादव के अंगूठे में लगी चोट

बताया जा रहा है कि फिलहाल, तेजस्वी यादव चिकित्सकीय देखरेख में हैं. इससे पहले आरजेडी की मीडिया पोस्ट में चोट लगने की जानकारी दी गई थी.

इस बीच, विधानसभा के बजट सत्र को लेकर सत्तारूढ़ दल और विपक्षी पार्टियां आमने सामने हैं. सोमवार को राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के अभिभाषण के साथ बजट सत्र की शुरुआत हुई.

संयुक्त सत्र में राज्यपाल ने विधानसभा और विधान परिषद के सदस्यों को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने अपने अभिभाषण में सरकार की प्राथमिकताओं, उपलब्धियों एवं भविष्य की दिशा की बातें कहीं.

NEET छात्रा की मौत के मुद्दे पर हंगामा

इससे पहले आरजेडी नेता भाई वीरेंद्र ने कहा कि बजट सत्र के दौरान सरकार की गलत नीतियों का हम जमकर विरोध करेंगे. उन्होंने कहा कि एक NEET छात्रा के साथ जिस तरह की घटना घटी है. उससे सरकार की पोल खुल गई है. महिलाओं की सुरक्षा पर भी सवाल उठे हैं.

सूत्रों का कहना है कि विधानसभा में आरजेडी विधायक NEET छात्रा मौत मामले को उठाने की योजना बनाई है. इसको लेकर आरजेडी के प्रधान महासचिव और विधायक, रणविजय साहू कहा कि जबतक सदन में मु्ख्यमंत्री नीतीश कुमार इस मुद्दे पर सफाई नहीं देंगे. तबतक सदन नहीं चलने देंगे.

राजद नेता ने दावा किया कि छात्रा की मौत घटना में सत्ता पक्ष में नेताओं की संलिप्तता की वजह से इस पर लीपापोती की जा रही है. सीबीआई जांच के नाम पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है और असली अपराधियों को बचाने की कोशिश की जा रही है. जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता है, उन लोगों को आंदोलन जारी रहेगा.

Related Articles

Back to top button