संत निरंकारी मिशन द्वारा जल सरंक्षण जागरूकता रैली निकाली

तोशाम, (वीरेन्द्र): संत निरंकारी मिशन ने बाबा हरदेव सिंह महाराज की प्रेरणादायक शिक्षाओं को आत्मसात करते हुए वर्ष 2023 में संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से प्रोजैक्ट अमृत का शुभारंभ किया था। इस दिव्य पहल का उद्देश्य केवल जल स्रोतों की स्वच्छता सुनिश्चित करना ही नही, बल्कि जल सरंक्षण को मानव जीवन का अभिन्न अंग बनाने की सोच को विकसित करना है। नदियों झीलों तालाबों कुओं और झरनों जैसे प्राकृतिक जल स्रोतों की स्वच्छता व सरंक्षण को समर्पित इस महाभियान में अपने पहले दो चरणों में अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की। इसी प्रेरणा के साथ इस वर्ष तृतीय चरण को और अधिक व्यापक, प्रभावी एवं दूरगामी दृष्टि से आगे बढ़ाया है ताकि यह अभियान निरंतर विस्तार पाकर समाज में जागरूकता सेवा और समर्पण की एक सशक्त लहर उत्पन्न करे। संत निरंकारी मिशन जोन भिवानी के जोनल इंचार्ज बलदेव राज नागपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह वृहद अभियान देशभर में 27 राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों में 900 से अधिक शहरों में 1600 से अधिक स्थानों में एक साथ चलाया गया। इसी श्रृंखला में बलदेव राज नागपाल, जोनल इंचार्ज भिवानी के सानिध्य में तोशाम कस्बे में जल सरंक्षण जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को चौधरी बंसीलाल चौंक से विनोद सांगवान खंड विकास पंचायत अधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसके आगे स्टेडियम बस स्टैंड के सामने से गुजरते हुए, चौधरी सुरेन्द्र सिंह चौंक पर रैली सम्पन्न हुई। बैनर तख्तियों तथा लाउड स्पीकर के माध्यम से स्वच्छ जल-स्वच्छ मन, प्रदूषित पानी-हमारी हानि, जल बचाओ-कल बचाओ, स्वच्छ जल-स्वस्थ कल, पानी के बिन जी नहीं सकते-दूषित पानी पी नहीं सकते जैसे मिशन के संदेश प्रसारित किए गए।