हरियाणा

वोट चोर-गद्दी छोड़ महारैली में भिवानी से गूंजी बदलाव की हुंकार

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का जत्था दिल्ली रवाना

भिवानी, (ब्यूरो): दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित वोट चोर-गद्दी छोड़ महारैली में शामिल होने के लिए भिवानी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का एक विशाल जन-सैलाब उमड़ पड़ा। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज सिंह के नेतृत्व में स्थानीय एमसी कॉलोनी से सैकड़ों कार्यकर्ताओं का जत्था पूरे जोश-खरोश के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुआ। रविवार सुबह से ही स्थानीय एमसी कॉलोनी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जुटना शुरू हो गया था। हाथों में पार्टी का झंडा और जुबां पर सरकार विरोधी नारों के साथ कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज सिंह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्हें संबोधित किया और हरी झंडी दिखाकर काफिले को रवाना किया। रैली के लिए रवाना होने से पूर्व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज सिंह ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज देश का लोकतंत्र खतरे में है। जिस तरह से जनमत की चोरी कर सत्ता हासिल की गई है, उसके खिलाफ आज पूरा देश एकजुट हो रहा है। रामलीला मैदान में यह वोट चोर-गद्दी छोड़ महारैली महज एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि सोई हुई सरकार को जगाने का शंखनाद साबित होगी। उन्होंने कहा कि भिवानी का युवा और हर वर्ग आज दिल्ली जाकर यह बता देगा कि हम अपने अधिकारों की लड़ाई लडऩा जानते हैं। हम तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक इस जन-विरोधी सरकार को सत्ता से उखाड़ नहीं फेंकते।

Related Articles

Back to top button