एक्सक्लूसिव खबरेंहरियाणा

विधानसभा कर्मचारियों की क्षमता निर्माण के लिए लगेगा प्रशिक्षण, सीएम नायब सैनी करेंगे शुभारंभ

चंडीगढ़: हरियाणा विधान सभा की ओर से अपने कर्मचारियों की क्षमता निर्माण के लिए अगले सप्ताह दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 8 जनवरी से चंडीगढ़ के सेक्टर 26 स्थित महात्मा गांधी राज्य लोक प्रशासन संस्थान में शुरू होने वाले इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री नायब सिंह करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण करेंगे। इस मौके पर विस उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा भी मौजूद रहेंगे। इस दौरान लोक सभा की ओर से संसदीय लोकतंत्र शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान की टीम विधान सभा के अधिकारियों और कर्मचारियों को विधायी और सचिवालय के कामकाज के संबंध में प्रशिक्षण देगी।

विधायकों को भी मिलेगी ट्रेनिंग

विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण विधायकों के लिए भी प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की तैयारी कर रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि प्रदेश के बजट सत्र से पहले ही विधायकों के लिए भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विधायकों को विधायी कामकाज में मदद करने के लिए पुस्तकालय में सैल का गठन किया जाएगा।

हरविंद्र कल्याण विधायी कामकाज की बारीकियों का अध्ययन करने के लिए लोकसभा और दूसरे राज्यों की विधान सभाओं का दौरा कर सकते हैं। बता दें कि विधानसभा के 90 विधायकों में से 40 ऐसे हैं जो पहली बार विधायक बनकर सदन में पहुंचे हैं। इनमें बीजेपी के 23 और कांग्रेस के 13 विधायक शामिल हैं। इनमें से सात बार विधायक बनने वाले दो ही विधायक हैं, जिनमें बेरी से कांग्रेस के डॉ. रघुबीर सिंह कादियान और अंबाला कैंट से बीजेपी के अनिल विज हैं।

पुलिस कर्मियों को मिलेगा मुफ्त खाना

विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण सत्र के दौरान तैनात होने वाले पुलिस कर्मियों के लिए खाने की निशुल्क व्यवस्था करने की घोषणा पहले ही कर चुके हैं, जिससे उनका कार्य सुचारू रूप से चल सके। विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने भविष्य के लिए कई अन्य महत्वपूर्ण योजनाएं बनाई गई हैं, जिन पर जल्द ही काम शुरू किया जाएगा।

पेपर लैस हो चुकी विधानसभा

बता दें कि हाईटेक होने की दिशा में बढ़ते हुए हरियाणा विधानसभा को पेपर लैस किया जा चुका है। अध्यक्ष बनने के बाद से ही हरविंद्र कल्याण लगातार विधानसभा की कार्यप्रणाली और विधायी कार्यों को लेकर नए प्रयास कर रहे हैं, जिससे हरियाणा की विधानसभा की देश में अलग पहचान बन सके। हाल ही में कश्मीर से छात्रों का एक दल हरियाणा विधानसभा का भ्रमण करने भी पहुंचा था।

Related Articles

Back to top button