भिवानी। नगर परिषद प्रशासन द्वारा गंदगी की समस्या के समाधान के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबरों पर अब तक 59 नागरिकों ने फोटो भेजकर शिकायत दर्ज कराई है। इन सभी शिकायतों पर नगर परिषद ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सफाई करवाई और संबंधित व्यक्तियों को सफाई की पुष्टि के तौर पर फोटो भी भेजी।
नगर परिषद ने शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने के लिए 8053609453 और 8053609445 नंबर जारी किए हैं। इन नंबरों पर नागरिक गंदगी से संबंधित फोटो भेजकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। परिषद ने अपील की है कि लोग सड़कों, खाली प्लाटों और गलियों में कूड़ा-कचरा इधर-उधर न डालें। यदि कहीं कचरा पड़ा दिखाई दे तो उसकी फोटो संबंधित नंबरों पर भेजकर सूचना दें।
जिला नगर आयुक्त गुलजार मलिक ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे खाली प्लाटों या सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न डालें। शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए आमजन का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि शहर में कहीं भी कचरे का उठान या सफाई नहीं हो रही है तो संबंधित स्थान का उल्लेख करते हुए फोटो जारी किए गए नंबरों पर भेजें। नगर परिषद द्वारा 24 घंटे के भीतर सफाई करवाकर शिकायतकर्ता को सफाई की गई जगह की फोटो वापस भेजी जा रही है।