भाजपा की नीति-विहीनता और दिशाहीन सोच को दर्शाता है केन्द्रीय बजट : मुकेश पहाड़ी
भिवानी,(ब्यूरो): कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष मुकेश पहाड़ी ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 से हरियाणा सहित पूरे देश की जनता को बड़ी उम्मीदें थी, लेकिन यह बजट एक बार फिर भाजपा सरकार की नीति-विहीनता और दिशाहीन सोच को दर्शाता है। हरियाणा के लिए यह बजट अत्यंत निराशाजनक सिद्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 से देश की महिलाओं, किसानों, युवाओं और मध्यम वर्ग सभी की उम्मीदों को तोडऩे वाला साबित हुआ है। यह बजट जनहित का नहीं, बल्कि भाजपा सरकार की विफल नीतियों पर पर्दा डालने का प्रयास है। किसानों की मेहनत, युवाओं की मेहनत और महिलाओं की उम्मीदों को यह बजट नजरअंदाज करता है। एमएसपी की कानूनी गारंटी, रोजगार सृजन, महंगाई नियंत्रण और सामाजिक सुरक्षा जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार की चुप्पी गंभीर सवाल खड़े करती है। यह बजट अमीरों को राहत और आम जनता को निराशा देने वाला बजट है। महिलाओं के लिए यह बजट पूरी तरह निराशाजनक है। बढ़ती महंगाई, घटती आय और असुरक्षित भविष्य से जूझ रही महिलाओं के लिए न कोई ठोस आर्थिक सहायता है, न स्वरोजगार को बढ़ावा और न ही शिक्षा व स्वास्थ्य पर कोई विशेष प्रावधान। हरियाणा की महिलाओं के साथ इस बजट ने अन्याय किया है। कामकाजी महिलाओं, ग्रामीण महिला मजदूरों और स्वयं सहायता समूहों के लिए किसी भी नई योजना की घोषणा नहीं की गई। महिला सशक्तिकरण के नाम पर केवल शब्द हैं, जमीन पर कुछ नहीं।




