हरियाणा

धरती के भीतर छुपे रहस्यों को समझना अत्यंय आवश्यक: डॉ भगवान सिंह

भिवानी, (ब्यूरो): वैश्य महाविद्यालय के भौतिकी विभाग द्वारा धरती के रहस्यों को समझने और भू भौतिकी में करियर विषय पर विस्तार व्याख्यान का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ संजय गोयल के सानिध्य एवं भौतिकी विभाग की विभागाध्यक्ष मधु गुप्ता के दिशा निर्देशन में भौतिकी विभाग में किया गया। विस्तार व्याख्यान में मुख्य वक्ता के रूप में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के भू भौतिकी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ भगवान सिंह चौधरी ने शिरकत की। सर्वप्रथम प्राचार्य डॉ संजय गोयल, भौतिकी विभाग की विभागाध्यक्ष श्रीमती मधु गुप्ता ,आयोजन सचिव डॉ नरेंद्र कुमार, डीन एकेडमिक डॉ नरेंद्र चाहर, इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ सुरेंद्र दलाल ने पुष्प गुच्छ के माध्यम से प्रोफेसर डॉ भगवान सिंह चौधरी का स्वागत किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ संजय गोयल ने अतिथि का स्वागत करते हुए अपने स्वागतीय उद्बोधन में कहा कि इस तरह के विस्तार व्याख्यान विद्यार्थियों के करियर बनाने में एक अहम कड़ी का काम करते हैं। उन्होंने विस्तार व्याख्यान की संयोजक भौतिकी विभाग की विभागाध्यक्ष मधु गुप्ता के इस प्रयास की सराहना की।
विस्तार व्याख्यान के मुख्य वक्ता प्रो. डॉ भगवान सिंह चौधरी ने अपने व्यक्तव्य में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि धरती के भीतर छुपे रहस्यों को समझने की कोशिश इंसान सदियों से कर रहा है। भू भौतिकी, जो पृथ्वी के भौतिक गुणों और उसके आंतरिक संरचनाओं का अध्ययन करती है, इस दिशा में एक महत्वपूर्ण विज्ञान है। इस क्षेत्र में किए गए शोधों ने हमें धरती के बारे में अनगिनत नए तथ्य और ज्ञान दिया है। उन्होंने कहा कि आज हम इस विज्ञान के विभिन्न पहलुओं और इस क्षेत्र में करियर के अवसरों पर एक नजर डालते हैं। उन्होंने बताया कि हम भू भौतिकी, पृथ्वी के भीतर और उसके बाहरी वातावरण में होने वाली भौतिक प्रक्रियाओं का अध्ययन करते है। इसमें पृथ्वी के मैग्नेटिक फील्ड, भूकंपीय तरंगों, पृथ्वी की आंतरिक संरचना और भूगर्भीय घटनाओं का विश्लेषण किया जाता है। उन्होंने बताया कि भू भौतिकी में अध्ययन करने से वैज्ञानिकों को यह समझने में मदद मिलती है कि पृथ्वी का निर्माण कैसे हुआ और इसके भीतर क्या-क्या घटनाएँ घटित होती रहती हैं। पृथ्वी की आंतरिक संरचना, उसकी सतह पर होने वाली हलचलें, और भूगर्भीय घटनाएँ जैसे भूकंप और ज्वालामुखी की गतिविधियाँ, सभी भू भौतिकी के अध्ययन के मुख्य पहलू हैं। भूकंपों की भविष्यवाणी, जलवायु परिवर्तन, और प्राकृतिक संसाधनों का अन्वेषण जैसे विषय भू भौतिकी के प्रमुख क्षेत्रों में आते हैं। इस अवसर पर मंच का सफल संचालन डॉ रीना ने किया। इस अवसर पर भौतिकी विभाग के 100 से अधिक विद्यार्थियों एवं प्राध्यापक पवन कुमार, पारुल , सुमन ,अजय गोयल, लैब अटेंडेंट मोनिका ,लैब असिस्टेंट दलबीर सिंह,जितेंद्र बसिया आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button