हरियाणा

पुलिसकर्मी को गोली मारने वाले दो इनामी बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

रोहतक के गांव सांघी के रहने वाले हैं दोनों बदमाश, कैथल के पुंडरी में पुलिसकर्मी को गोली मारने में थे फरार

न्यूज़ डेस्क हरियाणा । यमुनानगर । हि.स. । हरियाणा के यमुनानगर के थाना सढौरा के अंतर्गत पहाड़ीपुर नाके पर एसटीएफ गुरुग्राम ने गुरुवार शाम को एक मुठभेड़ के बाद दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी। दोनों को यमुनानगर के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक गंगाराम पुनिया ने अपने कार्यालय पर पत्रकार वार्ता में उक्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुरुवार देर शाम पहाड़ीपुर नाके से बदमाशों के निकलने की गुप्त सूचना मिली थी। इस पुलिस ने नाके पर पुलिस बल बढ़ा दिया। कुछ ही देर बाद दोनों बदमाश पैदल आते दिखाई दिए। पुलिस ने इन्हें रोकना चाहा तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और खेतों की और भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर फायरिंग की। दोनों बदमाशों को पैर में गोली लगने के बाद पकड़ लिया। दोनों बदमाशों की पहचान रोहतक निवासी गांव सांघी के कृष्ण और सागर के रूप में हुई । इन दोनों की गिरफ्तारी पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने इनके पास से दो रिवाल्वर और जिंदा कारतूस भी बरामद किए है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर अस्पताल में भर्ती कराया है।

दरअसल, इन दोनों बदमाशों पर एक महीने पहले जिला कैथल के पुंडरी में पुलिसकर्मी को गोली मारने का आरोप है। उसके बाद से दोनों फरार चल रहे थे। पुलिस के अनुसार कृष्ण पर आठ और सागर पर पांच केस पहले से ही दर्ज हैं।

Related Articles

Back to top button