टोहाना: ₹12 करोड़ की लागत से ‘दादा-पोता पुल’ का निर्माण शुरू; बराला और बबली के गांवों को जोड़ेगा यह स्टील ब्रिज

टोहाना : टोहाना में पूर्व कैबिनेट मंत्री देवेंद्र बबली के गांव बिदाई खेड़ा और राज्यसभा सांसद सुभाष बराला के गांव डांगरा को जोड़ने वाले ‘दादा पोता पुल’ का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। नहरी विभाग द्वारा इस पुल का निर्माण किया जा रहा है, जिसकी घोषणा मनोहर लाल ने की थी।
यह निर्माण कार्य साल 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा
करोड़ों रुपए की लागत से दो नहरों पर स्टील ब्रिज का निर्माण हिसार के नहरी विभाग की कंस्ट्रक्शन ब्रांच कर रही है। विभाग के अनुसार यह निर्माण कार्य वर्ष 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा। कार्यकारी अभियंता प्रिंस, एसडीओ भीम सैन और जेई प्रतीक गिल की देखरेख में यह कार्य प्रगति पर है।
तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 4 फरवरी 2023 को पूर्व कैबिनेट मंत्री देवेंद्र बबली द्वारा गांव बिदाई खेड़ा में आयोजित प्रगति रैली में इस पुल के निर्माण की घोषणा की थी। यह पुल फतेहाबाद ब्रांच और सिद्धमुख नहर पर बनाया जा रहा है। सीएम ने इसे ‘दादा पोता पुल’ नाम दिया था, यह कहते हुए कि यह पुल भाजपा के राज्यसभा सांसद सुभाष बराला (दादा) और पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली (पोते) के बीच रिश्ते को मजबूत करेगा। पहले इस पुल की हालत काफी कमजोर थी।
करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा काम
वर्तमान में सुभाष बराला और देवेंद्र बबली के बीच बयानबाजी का दौर जारी है। कार्यकारी अभियंता प्रिंस सैनी और एसडीओ भीम सैन ने बताया कि पूर्व सीएम की घोषणा के तहत यह कार्य करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कार्य विभागीय नियमानुसार करवाया जा रहा है।




