भिवानी कोर्ट में सरेआम गोलियों की गड़गड़ाहट: पेशी पर आए युवक पर अंधाधुंध फायरिंग, कोर्ट परिसर में मची भगदड़

भिवानी। हरियाणा के भिवानी में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब जिला न्यायालय परिसर में अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि पेशी पर आए एक युवक को टारगेट कर गोलियां चलाई गईं।
अचानक हुई फायरिंग से कोर्ट परिसर में मौजूद वकीलों, कर्मचारियों और आम लोगों में अफरातफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए, वहीं कुछ समय के लिए न्यायालय का कामकाज भी प्रभावित हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर को घेर लिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भिवानी के पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार स्वयं पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसपी ने अधिकारियों को जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फायरिंग आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी का मामला हो सकता है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक को गोली लगी है या नहीं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है। कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।




