राष्ट्रीय

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्व में भारत व भारतीय की बढ़ी साख: सिंह

मिजोरम के राज्यपाल ने देवसर माता मंदिर में की पूजा अर्चना

सोमवीर शर्मा
भिवानी, (ब्यूरो): मिजोरम के राज्यपाल जनरल वीके सिंह ( पूर्व आर्मी चीफ) ने शनिवार को परिवार के साथ देवसर स्थित माता मंदिर में पूजा अर्चना कर देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की। देवसर पंहुचने पर सरपंच व गणमान्य नागरिकों द्वारा राज्यपाल का स्वागत किया गया। मंदिर पुजारी मंडल ने राज्यपाल व उनकी धर्मपत्नी भारती सिंह, दोनों बेटियों व परिवार के सदस्यों को माता के आशीर्वाद स्वरूप सम्मान किया।
मिजोरम के राज्यपाल जनरल वीके सिंह परिवार सहित शनिवार दोपहर गांव देवसर में माता मंदिर पंहुचे। राज्यपाल ने मंदिर में पूजा-अर्चना की और माता रानी का आशीर्वाद लिया। इसके बाद राज्यपाल जनरल वीके सिंह ने देश व प्रदेशवासियों को नव वर्ष 2025 की शुभकामनाएं दी। राज्यपाल ने कहा कि माता के चरणों में देश के नागरिकों की तरक्की और कुशलता की कामना करते हैं। हरियाणा प्रदेश व देश आर्थिक और सामाजिक क्षेत्र के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में अभूतपूर्व तरक्की करे और नई उम्मीदों और संकल्पों के साथ आगे बढ़े। पत्रकारों से बात करते हुए
राज्यपाल जनरल वीके सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है। भारत की विश्व स्तर पर आर्थिक क्षेत्र में अद्वितिय वृद्धि सुनिश्चित हो और आम नागरिकों की इसमें अहम भागीदारी की मंगलकामना करते हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 11 साल के दौरान देश की सुरक्षा मजबूत हुई है और बेहतर कार्य किए हुए हैं और आने वाले दिनों में और अच्छा होगा। उन्होंने कहा है कि आज विश्व के देशों में भारतीय पासपोर्ट का महत्व बढ़ा है। भारत व भारतीय की विश्व में एक पहचान बनी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति हुई है और जिस तरह प्रधानमंत्री सोचते हैं उससे आशा है कि आने वाले दिनों में देश की प्रगति और सुरक्षा ओर बेहतर होगी। राज्यपाल जनरल वीके सिंह ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है कि वह देश की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहे। मिजोरम के राज्यपाल ने कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों के विकास के लिए प्रधानमंत्री तत्पर हैं। केंद्र ने मिजोरम का राज्यपाल बनाकर भेजा है, मिजोरम के लिए बेहतर कार्य करेंगे।
इस अवसर पर पुजारी मंडल से राजकुमार, कंवरपाल, मोहित, सुनील, घनश्याम, आचार्य मनोज, राजबीर, नरेश, सुरेश के अलावा सरपंच संजय देवसरिया, पूर्व सरपंच जसवंत सिंह, व्यापारी कल्याण बोर्ड भिवानी के चेयरमैन रविन्द्र बापौडा, पूर्व सरपंच नरेश, एडवोकेट रणविजय, मास्टर मुनीपाल, सुरेश सिंह सहित विभिन्न गणमान्य नागरिक व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button