उत्तर प्रदेश

दूल्हे को गोली मारने वाला मौसेरा भाई गिरफ्तार, शादी का कार्ड नहीं देने से खफा था आरोपी!

बीते दिनों उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में अजीबोगरीब मामला सामने आया था जिसे सुनकर हर कोई हैरान था। इस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बता दें कि बरात चढ़त के दौरान दूल्हे को गोली मारने वाले मौसरे भाई को सिविल लाइन पुलिस ने तमंचे सहित...

रामपुर: बीते दिनों उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में अजीबोगरीब मामला सामने आया था जिसे सुनकर हर कोई हैरान था। इस मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बता दें कि बरात चढ़त के दौरान दूल्हे को गोली मारने वाले मौसरे भाई को सिविल लाइन पुलिस ने तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

आरोपी को पुलिस ने तमंचा व कारतूस के साथ किया गिरफ्तार
उत्तराखंड के थाना काशीपुर के गांव गढ़ी नेगी निवासी 21 वर्षीय करन सिंह नौ मई की रात बरात लेकर थाना सिविल लाइंस स्थित पनवड़िया में हरदयाल के घर आया था। नाश्ते के बाद चढ़त शुरू हुई और दूल्हे को बग्घी पर बैठा दिया गया था। दूल्हा के दोस्त बैंड की धुन पर थिरक रहे थे। चारों ओर खुशी का माहौल था। तभी गोली चलने की आवाज और दूल्हे की चीख सुनकर भगदड़ मच गई थी। शादी की दावत नहीं देने से खफा मौसेरे भाई अजय ने बग्घी पर बैठे दूल्हा करन सिंह पर गोली चला दी थी। कंधे में गोली लगने से घायल दुल्हे को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दूल्हे की तहरीर पर पुलिस ने उसके मौसेरे भाई अजय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। शनिवार को पुलिस ने अजय को न्यू रोडवेज बस स्टैंड से घटना में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।

परिजनों कराया मामला दर्ज
घायल दूल्हे के परिजन अभिषेक ने बताया कि मौसी के बेटे ने दूल्हे को गोली मारी और वह मौके से फरार हो गया। अभिषेक ने बताया कि आरोपी की दुल्हा बने करन के साथ लगभब एक डेढ़ साल पहले लड़ाई हो गई थी। इसी के कारण आरोपी ने दुल्हे को गोली मारी है। हम यह चाहते हैं कि इस मामले में कार्रवाई हो और जो दोषी है वह पकड़ा जाए। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।

एएसपी ने दी मामले की जानकारी
अपर पुलिस अधीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया था कि गुरुवार देर रात बारात में एक रिश्तेदार ने दूसरे पर गोली चला दी थी। इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होने कहा कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button