केंद्र सरकार ने अपने 11 साल के शासनकाल के दौरान हर वर्ग की भलाई के लिए लागू की है योजनाएं: दलाल
चौपाल कार्यक्रम में कार्यकत्र्ताओं को संबोधित किया पूर्व मंत्री ने

चौपाल कार्यक्रम में कार्यकत्र्ताओं को संबोधित किया पूर्व मंत्री ने
बहल (अजीत सिंगल): पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत देश तेज गति से विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है। केंद्र सरकार ने अपने 11 वर्ष के शासनकाल में हर वर्ग के लिए जन कल्याणकारी योजनाएं लागू करने का काम किया है। भाजपा ने नीति बनाकर देशहित में काम किया है, भारत की आज विश्व में अलग ही पहचान बनी है, देश ने अपने खोई हुई साख को फिर से हासिल किया है। केंद्र सरकार की तरह प्रदेश की भाजपा सरकार ने जनहितकारी नीतियां लागू कर लोगों का विश्वास जीतने का काम किया है। बिना खर्ची और बिना पर्ची तथा योग्यता के आधार पर नौकरी प्रदान करने से युवाओं में सरकार के प्रति विश्वास बढ़ा है।
पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल सोमवार को लोहारू,बहल तथा सिवानी मंडी में केंद्र सरकार की 11 साल की उपलब्धियो की जानकारी को लेकर हलके के कार्यकर्ताओं को चौपाल कार्यक्रम के तहत संबोधित कर रहे थे। पूर्व कृषि मंत्री ने कहा कि 11 वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और सरकार ने नई टेक्नोलॉजी को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि किसान की आमदनी बढ़ाने के लिए मौजूद वित्त वर्ष में कृषि बजट को रिकॉर्ड 5 गुना बढ़ाया गया है। देश का अन्नदाता ही भारत की ताकत है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 11 करोड़ से अधिक किसानों को करीब 3. 7 लाख करोड रुपए दिए गए हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में अब तक पौने दो लाख करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीब और जरूरतमंद लोगों के साथ में खड़ी है। हरियाणा प्रदेश पहला प्रदेश है, जहां 3000 रुपए वृद्धावस्था सम्मान भत्ता सहित अन्य पेंशन के रूप में दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की सच्ची हितैषी है। हरियाणा सरकार 24 फसलों पर एमएसपी दे रही है। सरकार प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन दे रही है। सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और भावांतर भरपाई योजना लागू की है। सरकार का हर संभव प्रयास है कि प्रत्येक घर में नल से स्वच्छ जल पहुंचे, इसके लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से आज हर वर्ग खुश है। चौपाल कार्यक्रम को लोहारू में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी विजय शेखावत, नगरपालिका के चेयरपर्सन बंटी तायल, मंडल अध्यक्ष रोहतास चौहान व बहल में पंडित रवि महमिया, मंडल अध्यक्ष सुनील सांगवान तथा सिवानी में राजेश केडिया ,चेयरपर्सन वंदना केडिया, सुरेंद्र जांगड़ा आदि ने भी संबोधित किया।
फोटो संख्या 16 बीडब्ल्यूएन 8
चौपाल कार्यक्रम में कार्यकत्र्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयप्रकाश दलाल।