आस्था स्पेशल स्कूल में मनाया भगवान परशुराम का जन्मोत्सव

भिवानी, (ब्यूरो): आस्था स्पेशल स्कूल में भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम का जन्मोत्सव मनाया। इस अवसर पर अतिथियों, शिक्षकों व दिव्यांग विद्यार्थियों ने भगवान परशुराम के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया और मंत्रोच्चारण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। जन्मोत्सव के उपलक्ष्य पर स्कूल परिसर में औषधीय युक्त पौधा शतावर सहित अनेक पौधें लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। स्कूल की प्राचार्य एवं संचालिका एडवोकेट सुमन शर्मा ने लोगों से अपील की कि वे ज्यादा से ज्यादा पौधें लगाकर धरती को हराभरा करने का काम करें, जिससे पर्यावरण संरक्षण एवं सुधार हो सके। उन्होंने बताया कि भगवान परशुराम ने भीष्म पितामह, द्रोणाचार्य और कर्ण जैसे कई सूर वीरों को शिक्षा दी। डॉ. तरुण कुलश्रेष्ठ ने बताया कि भगवान परशुराम भगवान शिव से इन्हें परशु नाम का अस्त्र मिला था और इसी कारण इनका नाम परशुराम प्रचलित हुआ। परशुराम के गुरू स्वयं भगवान शिव हैं। अंत में बच्चों को फल एवं मिठाई वितरण की गई। इस अवसर पर दिव्यांग बच्चों एवं स्कूल स्टाफ उपस्थित रहा।