हरियाणा

पर्यावरण को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाना है उद्देश्य : एएसआई कांता नेहरा

भिवानी,(ब्यूरो): हरियाणा पुलिस अकादम मधुबन में जहां एक ओर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण की एक अनूठी अलख भी जगाई जा रही है। प्रशिक्षण के दौरान सहायक उप निरीक्षक कांता रानी रानी नेहरा ने ड्यूटी के साथ-साथ प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए त्रिवेणी (बरगद, नीम और पीपल) का रोपण किया। महिला सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम में पहुंचे अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कांता रानी नेहरा ने भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि जिस तरह पुलिस का धर्म समाज को सुरक्षित रखना है, उसी तरह धरती को सुरक्षित रखना भी हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उनके इस आह्वान के बाद अकादमी परिसर में त्रिवेणी रोपण किया गया, जिसे देख वहां मौजूद उच्च अधिकारियों ने कांता रानी की इस सोच की भूरि-भूरि प्रशंसा की। पौधारोपण के उपरांत एएसआई कांता रानी नेहरा ने अपने इस अभियान के पीछे के मार्गदर्शकों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि यह अभियान उन्होंने त्रिवेणी बाबा की प्रेरणा और पर्यावरण प्रहरी हवलदार लोकराम नेहरा के कुशल नेतृत्व में शुरू किया है। उनका एकमात्र उद्देश्य अधिक से अधिक पौधरोपण कर पर्यावरण को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाना है। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कांता रानी नेहरा ना केवल अपनी ड्यूटी के प्रति समर्पित हैं, बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी उनकी सक्रियता सराहनीय है। इस अवसर पर इंस्पेक्टर बलवान सिंह, इंस्पेक्टर प्रशांत, इंस्पेक्टर विरंद्र सिंह, राकेश कुमार, सूरज चावला, पुष्पा, बलिंद्र सिंह, गीतिका जाखड़, मोहिंद्र सिंह, मीना कुमारी, सुनीता हितेंद्र, विक्रम सिंह, तेज प्रकाश, सोनिका, प्रमिला, संगीता सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button