उत्तर प्रदेश

‘ठाकुर हूं मैं…’ कानपुर के HDFC बैंक में महिला कर्मचारी का गदर, कस्टमर को दी भद्दी गालियां, वीडियो वायरल!

कानपुर सिटी के पनकी सेक्टर-2 स्थित HDFC बैंक की शाखा उस समय अखाड़ा बन गई, जब वहां तैनात एक महिला कर्मचारी ने मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में बैंक कर्मचारी आस्था सिंह एक महिला ग्राहक पर आगबबूला होती नजर आईं. वीडियो में दिखा कि आस्था सिंह न केवल महिला ग्राहक को भद्दी-भद्दी गालियां दे रही हैं, बल्कि हिंसक होकर उन पर हमला करने के लिए अपना लैपटॉप तक उठा लेती हैं.

बैंक में मौजूद अन्य सहकर्मियों ने उन्हें पकड़कर शांत कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन उनका गुस्सा कम नहीं हुआ. इस दौरान वह ग्राहक को धमकाते हुए कहती दिखीं, ‘अपने पति को जाकर समझाओ. ठाकुर हूं मैं. मेरे साथ…’.

जाति का रौब दिखाकर धमकाया

हैरानी की बात ये रही कि पेशेवर संस्थान में काम करने के बावजूद महिला कर्मचारी ने सरेआम अपनी जाति का हवाला देते हुए दबंगई दिखाई. आस्था सिंह वीडियो में ‘ठाकुर हूं मैं’ कहकर ग्राहक को डराने और धमकाने की कोशिश करती नजर आईं. एक प्रतिष्ठित बैंक के अंदर इस तरह का जातिसूचक अहंकार और हिंसक व्यवहार देखकर वहां मौजूद लोग दंग रह गए.

 

फिलहाल पुलिस कार्रवाई से इनकार

सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग बैंक प्रबंधन व कर्मचारी के खिलाफ भारी आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं. हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. शिकायत मिलने के बाद ही मामले में विधिक कार्रवाई की बात कही जा रही है.

Related Articles

Back to top button