राजा रघुवंशी हत्याकांड: कोर्ट में हुई पहली गवाही, जानें सवाल-जवाब की पूरी कहानी

मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले में मंगलवार को मृतक राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने कोर्ट में अपना पहला बयान दर्ज कराया. यह गवाही करीब दो घंटे तक चली, लेकिन समय की कमी के कारण पूरी नहीं हो सकी. अब कोर्ट ने विपिन को दोबारा 26 नवंबर को पेश होने के लिए बुलाया है. मामले की सुनवाई के दौरान दोपहर करीब 3:20 बजे विपिन के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हुई, जो शाम 5:30 बजे तक चली.
26 नवंबर को होगी दोबारा गवाही
कोर्ट ने पहले बुधवार को उन्हें दोबारा बयान के लिए बुलाया था, लेकिन उन्होंने पहले से तय फ्लाइट टिकट की जानकारी दी, जिसके चलते अब उन्हें 26 नवंबर को फिर से बुलाया गया है. विपिन ने कहा कि वे इस तारीख को दोबारा शिलांग जाएंगे ताकि आगे के बयान दर्ज करवा सकें. उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल उन्हें केस की चार्जशीट की कॉपी नहीं मिली है. बयान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चार्जशीट की कॉपी उन्हें सौंपी जाएगी.
चार्जशीट हुई दाखिल
इसके बाद ही वे मामले से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बातों को समझ पाएंगे. गौरतलब है कि राजा रघुवंशी हत्याकांड इंदौर का एक चर्चित मामला रहा है, जिसमें पुलिस ने विस्तृत जांच के बाद कई आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है. अब इस केस में राजा के भाई विपिन की गवाही को बेहद अहम माना जा रहा है, जो आगे की सुनवाई की दिशा तय कर सकती है.




