हांसी में सड़क हादसे में गई 5 बच्चों के पिता की जान, बाइपास पर बेसहारा पशु से टकराई बाइक
हांसी : हांसी बाईपास पर देर रात एक सड़क हादसे में बाइक चालक की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब बाइक चालक अचानक सामने आए बेसहारा पशु को बचाने की कोशिश कर रहा था। असंतुलित होकर उसकी बाइक बिजली के खंभे से टकरा गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान रिछपुरा निवासी 33 वर्षीय दर्शन के रूप में हुई है। दर्शन हांसी की काठमंडी में लकड़ी काटने का काम करता था और देर रात काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था। ढाणी कुतुबपुर के पास अचानक उसकी बाइक के सामने एक गाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में दर्शन का संतुलन बिगड़ गया और बाइक बिजली के खंभे से जा टकराई। दर्शन के ससुर राजबीर ने बताया कि वह घर में कमाने वाला इकलौता सदस्य था। दर्शन के पांच छोटे बच्चे हैं- चार लड़कियां और एक लड़का। दर्शन के पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी।