हरियाणा

गुरु दक्ष महाराज के जयंती समारोह में मुख्यमंत्री होंगे मुख्य अतिथि: रणवीर गंगवा

भिवानी, (ब्यूरो): प्रदेश के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि 13 जुलाई को भिवानी में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय गुरु दक्ष महाराज जयंती समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री के अलावा अनेक कैबिनेट मंत्री और राज्य मंत्री, विधायक गण और पार्टी के वरिष्ठ नेता राज्य स्तरीय जयंती में पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि गुरु दक्ष जयंती समारोह ऐतिहासिक होगा, जिसमें प्रदेशभर से लोग शामिल होकर गुरु दक्ष को नमन करेंगे। कैबिनेट मंत्री गंगवा रविवार को मिनी बाइपास स्थित एक निजी बैंकेट हाल में गुरु दक्ष महाराज की प्रदेश स्तरीय जयंती समारोह के आयोजन को लेकर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने शासनकाल के दौरान संत महापुरुषों की जयंती सरकारी स्तर पर आयोजित करने का निर्णय लिया और उसी परंपरा को वर्तमान में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगे बढ़ा रहे हैं। इसी कड़ी में भिवानी में शहीद भगत सिंह चौक के पास मेला ग्राउंड में गुरु दक्ष प्रजापति महाराज की जयंती राज्य स्तरीय जयंती मनाई जाएगी। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति को उसका वाजिब हक देने में विश्वास रखती है। परिणाम स्वरूप भाजपा में लोगों का विश्वास बढ़ा है और तीसरी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है। भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश भर में आयोजित होने वाले संत महापुरुषों की जयंती समारोह में भिवानी के लोगों की बड़ी भागीदारी होती है और दक्ष जयंती में भी हजारों हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम के आयोजक एवं नगर परिषद के पूर्व वाइस चेयरमैन मामनचंद ने कैबिनेट मंत्री गंगवा, विधायक घनश्याम सर्राफ और कार्यक्रम में पहुंचे सभी लोगों का अभिनंदन और आभार प्रकट किया। इस मौके पर पिछड़ा वर्ग के पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, सतीश सरोहा, रमेश टाक, शकुंतला प्रधान, बबीता तंवर, राजेश बजीना, सुनील वर्मा नंबरदार सहित विभिन्न वर्गों से समाज के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

 

Related Articles

Back to top button