हरियाणा

शिक्षा बोर्ड उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर ने की मुख्यमंत्री सैनी से शिष्टाचार भेंट

सीएम से भेंट के दौरान बोर्ड उपाध्यक्ष ने की एचटेट परीक्षा पर चर्चा

भिवानी, (ब्यूरो): हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से चण्डीगढ़ मुख्यमंत्री आवास पर शिष्टाचार भेंट कर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा गत दिनों ली गई एचटेट की परीक्षा के सुचारु संचालन, व्यवस्थाओं और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। उपाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को परीक्षा के शांतिपूर्ण और पारदर्शी आयोजन की जानकारी दी तथा शिक्षा विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा बलों के सहयोग की सराहना की। मुख्यमंत्री ने ईमानदारी और पारदर्शिता से ली गई परीक्षा के लिए बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. डॉ. पवन कुमार, उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर व सचिव डॉ. मुनीश नागपाल एवं बोर्ड के अधिकारियों/कर्मचारियों को बधाई दी और साथ ही कहा कि ईमानदारी और पारदर्शी तरीके से ऐसा काम करते रहो जिससे जनमानस में एक सकारात्मक संदेश जाए। मुख्यमंत्री ने बोर्ड प्रशासन को स्वतंत्र और निष्पक्ष कार्य करने के लिए पूरी छूट दी और यह भी कहा कि निर्भीक होकर बिना संकोच के जनहित कार्य करते रहें। बोर्ड उपाध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री की कार्यशैली का युवाओं में ऐसा संदेश गया है कि हरियाणा में पढ़ाई का एक बेहतर वातावरण बनता जा रहा है तथा जनमानस में आस्था व विश्वास पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि मेहनत के द्वारा व्यक्ति अपने भविष्य को सुधार सकता है। सरकार के द्वारा बिना खर्ची-पर्ची की गई भर्तियों का समाज और युवाओं में बहुत ज्यादा प्रभाव है। इसके कारण गांव और गरीब के बच्चे भी अच्छी नौकरियां प्राप्त करते जा रहे हैं। उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि जिस विश्वास और भरोसा के साथ आपने आशीर्वाद दिया है उसको कहीं भी कम नहीं होने दिया जाएगा तथा सरकार द्वारा बनाई गई नीतियों को जन-जन तक लेकर जाएंगे। सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों को समाज के अंतिम छोर तक लेकर जाना हमारा उद्देश्य है जिसमें आदरणीय प्रधानमंत्री मोदी जी का सबका साथ सबका विकास भी समाहित है।
माननीय मुख्यमंत्री जी से मुलाकात के बाद उपाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षा व समाज के कार्यों को और अधिक ऊर्जा के साथ करने के लिए शिक्षा बोर्ड प्रयासरत हैं, शिक्षा और शिक्षण को सबके लिए सुलभ बनाते हुए समाज का विकास करने का भरपूर प्रयत्न किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button