हरियाणा

कामी रोड और गन्नौर में 60 फीट रावण का दहन, सोनीपत में दशहरा के मद्देनजर सुरक्षा कड़ी

सोनीपत। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व बृहस्पतिवार को जिलाभर में श्रद्धा एवं उल्लास से मनाया जाएगा। लोग रावण और उसके परिवार का पुतला दहन कर विजयदशमी का उत्सव मनाएंगे। इसके लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।

जिले में 10 से 60 फुट के पुतले तैयार किए गए हैं। शहर के कामी रोड स्थित रामलीला मैदान में और गन्नौर में जनता स्कूल के पीछे स्थित मैदान में 60 फुट के रावण का दहन होगा। दशहरा पर्व को शांतिपूर्वक मनाने व रावण दहन को लेकर पुलिस पूरी तरह से सतर्क है।

अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने सुरक्षा के कड़े प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। जिले में मुख्य मंचन कामी रोड पर होगा, जिसमें विधायक निखिल मदान, पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन, राकेश कुच्छल, दिलबाग खत्री, हरिप्रकाश मंगला बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।

दशहरा पर्व को शांतिपूर्वक मनाने व रावण दहन को लेकर पुलिस पूरी तरह से सतर्क है। शहर में निकाले जाने वाली शोभा यात्राओं के चलते प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जाम की स्थिति से निपटने को ठोस प्रबंध किए गए हैं।

रावण दहन को लेकर पहले से ही सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। रामलीला मैदान के गेटों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए है। मैदान के अंदर और बाहर पुलिस कर्मचारियों की भी ड्यूटियां लगाई गई हैं, जो व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।

यातायात पुलिस बल पर्याप्त मात्रा में लगाया गया है ताकि यातायात निर्बाध चलता रहे। जिला प्रशासन की तरफ से अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस व रिकवरी वाहन भी लगाए गए हैं। समारोह स्थल व झांकी निकालने के दौरान बाइक राइडर भी नियुक्त होंगे। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

शोभा यात्राओं को लेकर प्रशासन सतर्क

शहर में निकाली जाने वाली शोभा यात्राओं के चलते प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जाम की स्थिति से निपटने को सभी प्रबंध किए गए हैं। पुलिस ने 50 राइडर के साथ 16 पीसीआर व 31 डायल-112 की ड्यूटी लगाई है। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में अलर्ट रहने को कहा गया है। वहीं, रामलीला कमेटियों को सुरक्षा को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए है।

आयोजकों को दी गई है ये हिदायत

  • रावण दहन स्थल के चारों तरफ मजबूत बैरिकेडिंग हो।
  • रावण दहन स्थलों के निकट वाहन पार्किंग की व्यवस्था करें।
  • समारोह स्थलों के निकट पर्याप्त मात्रा में पानी व अग्निशमन यंत्रों की व्यवस्था करवाई जाएं।
  • शोभा यात्रा, रावण दहन व पार्किंग अवरुद्ध न करे।
  • कोई ऐसा कार्य न करे, जिससे दूसरे समुदाय के व्यक्तियों की भावनाओं को ठेस न पहुंचे।
  • ड्यूटी पर नियुक्त पुलिस कर्मचारी-अधिकारी का सहयोग करे।
  • प्रशासन द्वारा दी गई अनुमति की शर्ताें का पालन करे।

दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण व भाईचारे के रूप में संपन्न कराने के लिए पुलिस मुस्तैद है। व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन चरण में कार्य योजना तैयार की है। निगरानी के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं। वहीं, पुलिस सादे कपड़ोंं में भी नजर रख रहे है। रामलीला कमेटियों को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए है। लोगों से भी अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की शिकायत तुरंत पुलिस को दें, या डायल-112 पर सूचित करें।

खरखौदा में दो जगह होगा रावन दहन

शहर में दो जगह व पिपली में एक जगह पर रावण दहन होगा। शहर की प्राचीन रामलीला कमेटी की तरफ से शहर में झांकी निकालते हुए बस स्टैड के पीछे पार्क में रावण दहन करवाया जाएगा। वहीं पिपली गांव में भी रावण दहन होगा। दोनों ही जगहों पर 51-51 फीट के रावण के पुतले जलाए जाएंगे।

गन्नौर में दो जगह होगा पुतला दहन

गन्नौर शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर रावण दहन का आयोजन किया जाएगा। लायंस क्लब गन्नौर एवं सावन ज्योत महोत्सव गन्नौर, भारत विकास परिषद व रोटरी क्लब गन्नौर द्वारा जनता स्कूल मैदान में दशहरा महोत्सव मनाया जाएगा।

यहां गन्नौर क्षेत्र में सबसे बड़ा 60 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया गया है। रावण के अलावा 55-55 फीट ऊंचे मेघनाद व कुंभकरण के पुतले भी बनाए जा रहे हैं। समारोह में मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अरुण त्यागी होंगे। कार्यक्रम की शुरूआत भव्य शोभा यात्रा से होगी। यात्रा राम मंदिर से निकलेगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर जनता स्कूल मैदान पहुंचेगी। इसके बाद धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

यहां हरियाणवी गायक अमित ढुल अपनी प्रस्तुति देंगे। अंत में रावण, मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतलों का दहन होगा। वहीं गन्नौर वेलफेयर ट्रस्ट एवं लायंस क्लब गन्नौर गौरव द्वारा बीएसटी ग्राउंड में दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मुख्य अतिथि के रूप में विधायक देवेंद्र कादियान और समाजसेवी प्रेमचंद गोयल शिरकत करेंगे। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम और झांकियां भी मुख्य आकर्षण होंगी।

गोहाना में जलेगा 38 फुट का रावण

गोहाना में तीन जगह रावण के पुतलों का दहन होगा। रेलवे माल गोदाम में चल रहे रामलीला महोत्सव में गुरुवार शाम साढ़े छह बजे 38 फीट ऊंचा पुतला दहन किया जाएगा। श्री सनातन धर्म मंदिर रामलीला कमेटी एवं श्री दुर्गा ड्रामिटक क्लब द्वारा टीटू धर्मशाला में रामलीला समारोह आयोजित किया जा रहा है। धर्मशाला के मैदान में शाम छह बजे 35 फीट ऊंचा रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।

पुरानी सब्जी मंडी के निकट शिवाला मस्तनाथ में दशहरा पर रावण मेला आयोजित किया जाएगा। यहां पर शाम छह बजे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। सुरक्षा के मद्देनजर तीनों जगह 50-50 पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे। रामलीला कमेटियों द्वारा भी व्यवस्था संभालने के लिए स्वयंसेवकों की जिम्मेदारी लगाई गई है।

Related Articles

Back to top button