हरियाणा

जिओ गीता, मेदांता व अंचल अस्पताल के सहयोग से पुलिस लाईन में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

भिवानी, (ब्यूरो): जिओ गीता, मेदांता फाउंडेशन व अंचल अस्पताल भिवानी के सहयोग से पुलिस कर्मचारी, उनके परिवारजन एवं पत्रकारों के लिए पुलिस लाईन भिवानी में निशुल्क मेडिकल जांच कैंप का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने कहा कि मनुष्य के जीवन में स्वास्थ्य का सर्वाधिक महत्व है। स्वास्थ्य के बिना सभी सुविधाएं महत्वहीन हैं। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति तन और मन से स्वस्थ होता है, वह संसार का सबसे सुखी प्राणी है, क्योंकि स्वस्थ तन में ही स्वस्थ मन का वास होता है। निष्काम भाव से कर्म करते हैं वे हमेशा स्वस्थ बने रहते हैं। अच्छे स्वास्थ्य के लिए समय पर किए गए उपचार का महत्व भी कम नहीं है। यदि व्यक्ति बीमार हो तो उसे तुरंत योग्य चिकित्सक की मदद लेनी चाहिए। शिविर में शुगर, बीपी, हडी की निशुल्क जांच की गई। स्वास्थ्य जांच शिविर में डॉक्टर विनोद अंचल ने बताया कि पुलिस विभाग के कर्मचारी 24 घण्टे ड्यूटी व तनाव भरी ड्यूटी और भागदौड़ के चलते अक्सर तनाव में रहते हैं। ऐसे में कर्मचारी अपने स्वास्थ्य की जांच नही करवा पाता। मेडिकल चेकअप टीम द्वारा पुलिस कर्मचारियों का चेकअप किया गया। मेडिकल चेकअप में सभी कर्मचारी, परिवारजन व पत्रकार बंधुओ का ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन, पीएफटी, चेस्ट एक्स-रे, बीएमडी टेस्ट व लिपिड प्रोफाइल चैक किया गया। जांच के बाद उनको अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देने को सलाह दी व साथ ही स्वस्थ रहने के उपाय बताए। पुलिस अधीक्षक ने बतलाया कि पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर के निर्देश पर पुलिस कर्मचारी व उनके परिवार जनों के लिए समय-समय पर विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चलाई जाती हैं वहीं आज के समय को देखते हुए पुलिस कर्मचारी, परिवारजन व पत्रकार बंधुओ के लिए पुलिस लाइन भिवानी में निशुल्क मैडिकल कैंप का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीसीपी क्राइम भिवानी अनूप कुमार, प्रबंधक थाना शहर भिवानी निरीक्षक सतनारायण सिंह, निरीक्षक चांद सिंह, निरीक्षक सुनील कुमार व अन्य पुलिस कर्मचारी अधिकारी परिवारजन व पत्रकार उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button