Salman Khan House Firing मामले में बड़ी Update, हरियाणा से पकड़ा गया लॉरेंस गैंग का Shooter
हरियाणा के पानीपत से लॉरेंस गैंग का शूटर सुक्खा पकड़ा गया। उसे पकड़ने के लिए नवी मुंबई की पनवेल सिटी पुलिस और पानीपत पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन चलाया। वह होटल में छिपा हुआ था। उसने अपनी पहचान छुपाने के लिए दाढ़ी के साथ बाल बढ़ाए हुए थे।
पूछताछ में शूटर ने बताया कि वह लॉरेंस गैंग से काफी समय से जुड़ा हुआ है। जांच में यह भी सामने आया कि कई गांव में यह नेटवर्क फैला हुआ है, जिसमें कई लड़के शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक सुक्खा ने ही बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने वालों को हथियार मुहैया करवाए थे। करीब 6 महीने पहले सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के सामने फायरिंग की गई।
होटल में छिपा था शूटर
पानीपत के सेक्टर 29 थाना के प्रभारी सुभाष चंद ने बताया कि करीब 10:30 बजे मुंबई पुलिस थाने में पहुंची थी। जहां पुलिस ने बताया कि लॉरेंस गैंग का शूटर जो मुंबई पुलिस का वांटेड है, थाना एरिया के एक होटल में छिपा हुआ है। शूटर को पकड़ने के लिए लोकल पुलिस की मदद चाहिए। इसके बाद मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया।
अधिकारियों के दिशा निर्देश पर पानीपत पुलिस और मुंबई पुलिस की जॉइंट टीम ने नई अनाज मंडी कट के पास स्थित एक निजी होटल में दबिश दी। जहां रिसेप्शन पर पूछताछ की तो उसने शूटर के शाम से होटल में ठहरने के बारे में पुष्टि की। पुलिस जब होटल के कमरे में पहुंची तो शूटर पूरी तरह नशे में धुत था। पहली बार देखने पर पुलिस रिकॉर्ड में फोटो से शूटर का मिलान नहीं हुआ था, लेकिन दस्तावेजों की जांच में उसकी पहचान की गई। बदमाश नशे में इस कदर धुत था कि वह अपना नाम भी नहीं बता पा रहा था। शूटर की पहचान पानीपत के रेरकला गांव निवासी सुखबीर उर्फ शेरा उर्फ सुक्खा (35) के रूप में हुई।