राष्ट्रीय

सब-इंस्पेक्टर बिमला कुमारी को मिलेगा नेशनल अवार्ड

कर्तव्यनिष्ठा और समाज सेवा में पेश की मिसाल, 2000 से अधिक परिवारों को जोड़ा

भिवानी, (ब्यूरो): हरियाणा पुलिस की जांबाज़ और संवेदनशील अधिकारी सब-इंस्पेक्टर बिमला कुमारी को समाज सेवा और कर्तव्यनिष्ठा के अद्वितीय योगदान के लिए ग्लोबल रोल मॉडल अवार्ड से नवाज़ा जाएगा। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार राह ग्रुप फाउंडेशन की ओर से कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में 5 अक्टूबर 2025 को आयोजित होने वाले भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर होने वाले इस कार्यक्रम में देश-विदेश से चुनी गई 51 विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा, जिनमें बिमला कुमारी का नाम विशेष रूप से शामिल है।
2000 परिवारों के विवाद सुलझाए
राह ग्रुप फाउंडेशन के चेयरमैन नरेश सेलपाड़ के अनुसार भिवानी के एसपी कार्यालय में फीडबैक सेल इंचार्ज के पद पर कार्यरत बिमला कुमारी ने बतौर महिला सैल की इंचार्ज रहते हुए अब तक 2000 से अधिक परिवारों के विवाद सुलझा चुकी हैं। उनकी कार्यशैली सिर्फ कानून लागू करने तक सीमित नहीं, बल्कि टूटे हुए रिश्तों को फिर से जोडऩे की है।
महिला सेल की प्रेरणास्रोत अधिकारी
महिला सेल की इंचार्ज रहते हुए बिमला कुमारी ने हजारों पीडि़त महिलाओं को न्याय दिलाया। कई मामलों में उन्होंने सिर्फ कानूनी कार्रवाई ही नहीं की, बल्कि पीडि़तों का आत्मविश्वास लौटाने और हिम्मत बढ़ाने का काम भी किया। उनकी संवेदनशीलता और दृढ़ता का अनूठा संगम ही उन्हें बाकी से अलग करता है।
वर्दी से परे मानवीय चेहरा
पुलिस की वर्दी अक्सर अनुशासन और सख़्ती का प्रतीक मानी जाती है, लेकिन बिमला कुमारी ने इसे समाज सेवा का माध्यम बना दिया है। वे मानती हैं कि वर्दी सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि दूसरों की जिंदगी में रोशनी लाने का संकल्प है। उनकी यही सोच उन्हें आम पुलिस अधिकारियों से अलग बनाती है।
2516 में से 51 विभूतियों का चयन                                                              राह ग्रुप फाउंडेशन के चेयरमैन नरेश सेलपाड़ के अनुसार इस वर्ष ग्लोबल रोल मॉडल अवार्ड के लिउ 2516 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से जूरी ने केवल 51 विभूतियों को इस सम्मान के लिए चुना है। यह पुरस्कार नेतृत्व, समाज सेवा, शिक्षा, विज्ञान, पत्रकारिता, कला और रक्तदान जैसे विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है। चयनित हस्तियां अपने कार्यों से न केवल समाज को दिशा देती हैं बल्कि दूसरों को भी प्रेरित करती हैं।
सामाजिक अभियानों में योगदान का संकल्प
राह संस्था के अवार्ड से सम्मानित होने के बाद बिमला कुमारी ने राह ग्रुप फाउंडेशन के विभिन्न सामाजिक अभियानों में सक्रिय रूप से सहयोग देने का संकल्प लिया है। इसमें श्मशान भूमियों और निर्जन स्थलों को हरियाली में बदलने, नशा मुक्ति अभियान को गति देना और हरियाणवी संस्कृति एवं लोक परंपराओं के संरक्षण के लिए समाज को जागरूक करना शामिल है।

Related Articles

Back to top button