उत्तर प्रदेशएक्सक्लूसिव खबरें

UP में फिर थप्पड़कांड! फिरोजाबाद में जमीनी विवाद सुलझाने गए तहसीलदार को किसान ने मारा थप्पड़, फिर मारी लात…दो गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश में एक बार फिर थप्पड़कांड सामने आया है। फिरोजाबाद जसराना के गांव नगला तुर्सी में जमीनी विवाद सुलझाने गए तहसीलदार और राजस्व टीम के साथ दो लोगों ने अभद्रता कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शांति भंग की कार्रवाई की तो एसडीएम ने दोनों को जेल भेज दिया।

दरअसल, थाना जसराना के गांव नगला तुर्सी में जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा है। एक पक्ष द्वारा अवैध रूप से जमीन पर कब्जा करने की शिकायत की गई थी। विवाद को सुलझाने के लिए तहसीलदार जसराना लालता प्रसाद राजस्व टीम के साथ गांव में पहुंचे। इस दौरान दूसरे पक्ष के धर्मेंद्र एवं वीरेश्वर मौके पर आ गए और हंगामा करने लगे। तहसीलदार और राजस्व टीम ने विवाद करने से रोका तो दोनों युवकों ने तहसीलदार के साथ हाथापाई करते हुए उन्हें थप्पड़ मार दिया। इसका वीडियो भी सामने आया है।

जिसके बाद तहसीलदार के साथ हाथापाई होने पर राजस्व टीम सकते में आ गई। टीम द्वारा अभद्रता करने की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिसकर्मियों ने दोनों को सरकारी गाड़ी में अंदर बिठा ​दिया। जहां तहसीलदार भी पीछे बैठने जा रहे थे। तभी अंदर बैठे आरोपी किसान ने उन्हें लात मारकर जमीन पर गिरा दिया। उसके बाद तहसीलदार आगे बैठे। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई करते हुए एसडीएम के सामने पेश किया। एसडीएम ने दोनों को जेल भेज दिया।

जानकारी देते हुए तहसीलदार लालता प्रसाद ने बताया जमीनी विवाद को सुलझाने के लिए वह नगल तुर्सी गए थे। विवाद को सुलझाने के दौरान दोनों युवकों ने उनके साथ हाथापाई की है। दोनों युवकों को पड़कर पुलिस को सौंपा गया है। लेखपाल द्वारा तहरीर दी गई है। थाना प्रभारी अंजीश कुमार सिंह ने कहा दोनों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है। अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

Related Articles

Back to top button