श्री सिद्धेश्वर सदगुरु ब्रह्मर्षि चंडीगढ़ में देंगे साधना से आत्मोद्धार का संदेश
भिवानी, (ब्यूरो): सिद्धगुरुवर श्री सिद्धेश्वर ब्रह्मर्षि गुरुदेव के दिव्य सान्निध्य में सात दिसंबर को चंडीगढ़ में शक्ति चेतना उत्सव का आयोजन चंडीगढ़ क्लब, सेक्टर-1 स्थित कमांडो लॉन में आयोजित किया जाएगा। इस पावन अवसर पर ‘सिद्धगुरुवर’ श्रद्धालुओं को अपने साधना-स्रोत से उत्पन्न दिव्य अमृत तत्व का अनुभव कराएंगे और मानवता, संयम, सेवा व आत्मदर्शन के पथ पर चलने का संदेश देंगे। इस कार्यक्रम में भिवानी से काफी संख्या में गुरुभक्त उपस्थित रहेंगे, जिनकी व्यवस्था की गई है। यह जानकारी विश्व चेतना मंच भिवानी के शाखा अध्यक्ष मीनू अग्रवाल ने दी। उन्होंने बताया कि विश्वधर्म चेतना मंच के तत्वावधान में आयोजित यह उत्सव केवल एक आध्यात्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आत्म-जागरण और मानव कल्याण का सामूहिक पर्व है। मंच लंबे समय से मानव सेवा, राष्ट्र उन्नयन और विश्व कल्याण के लिए कार्यरत है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु, साधक, सामाजिक कार्यकर्ता और विद्वान भी भाग लेंगे। उत्सव के दौरान आध्यात्मिक प्रवचन, ध्यान-साधना, भजन-कीर्तन और सामूहिक आशीर्वाद सत्र आयोजित किए जाएंगे।




