दिल्ली से इंदौर तक ‘शर्टलेस’ संग्राम! AI Summit पर मचे बवाल के खिलाफ सड़कों पर उतरी बीजेपी, भोपाल में लाठियां लेकर डटे कांग्रेसी

दिल्ली में शुक्रवार को इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में इंडियन यूथ कांग्रेस ने शर्टलेस विरोध प्रदर्शन किया था. इसके विरोध में बीजेपी अब कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है.बीजेपी कार्यकर्ता आज जगह-जगह कांग्रेस ऑफिस का घेराव कर रहे हैं. इसी कड़ी मेंइंदौर में कांग्रेस-बीजेपी के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए. दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ. कुछ लोग घायल भी हो गए. इसको देखते हुए भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों में डंडे लेकर कांग्रेस कार्यालय के बाहर कार्यालय की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल ली है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि बीजेपी वाले जिस भाव से आएंगे, उनका स्वागत वैसे ही किया जाएगा.
कांग्रेस देश विरोधी दल हो गई है
यूथ कांग्रेस के विरोध पर भाजपा नेता सैयद शाहनवाज़ हुसैन ने कहा, कांग्रेस देश विरोधी दल हो गई है. पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है, AI में भारत का लोहा माना जा रहा है लेकिन राहुल गांधी से यह देखा नहीं जा रहा. राहुल को लगने लगा है कि विरोधी दल के नेता की जगह वो देश विरोधी दल के नेता हो गए हैं. कांग्रेस देश को अपमानित करने के काम में लग गई है.
राहुल के नेतृत्व में कांग्रेस देश का विरोध कर रही
यूथ कांग्रेस के विरोध पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, आज राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ऐसी पार्टी हो गई है जो देश का विरोध करने लगी है. AI समिट हो रहा था, इसमें जिस ढंग से उन्होंने व्यवहार किया देश का अपमान किया. राहुल को देश से माफी मांगनी चाहिए. जवाहरलाल नेहरू के कारण आज़ादी के समय जो बंटवारा हुआ उस समय सभी मुस्लिमों को पाकिस्तान भेज देना चाहिए था. सभी हिंदुओं को यहां रखना चाहिए था तो यह झंझट नहीं होता लेकिन इन्हें अल्पसंख्यक का दर्जा दे दिया… अब ये अल्पसंख्यक नहीं रहे है.
‘मैं कांग्रेस, कांग्रेस नेतृत्व की निंदा करता हूं’
यूथ कांग्रेस के विरोध पर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा, जिस तरह से AI समिट में कांग्रेस ने अपने युवा कार्यकर्ताओं को भेजकर जो निम्न स्तर की राजनीति की उसकी मैं गोवा सरकार की तरफ से निंदा करता हूं. मैं कांग्रेस, कांग्रेस नेतृत्व की निंदा करता हूं. यह भारत की छवि के साथ धोखा है इसलिए मैं इसकी निंदा करता हूं.




