सेशन जज, डीसी और एसएसपी ने कोर्ट कॉम्प्लेक्स व लघु सचिवालय परिसर में लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
भिवानी,(ब्यूरो): सेशन जज डीआर चालिया, डीसी साहिल गुप्ता और एसएसपी सुमित कुमार ने भिवानी कोर्ट कॉम्प्लेक्स व लघु सचिवालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यहां पर कड़ी सुरक्षा को लेकर किए जा रहे प्रबंधों के बारे में जानकारी ली और जरूरी निर्देश भी दिए। उल्लेखनीय है कि चार सितंबर 2025 को न्यायिक परिसर और लघु सचिवालय के तहसील परिसर के पास तीन फरवरी 2026 को गोलीबारी की घटना हो चुकी है। इसी बीच पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय न्यायाधीश तथा भिवानी के इंस्पेक्टिंग जज संदीप मुद्गिल ने सात फरवरी को भिवानी न्यायिक परिसर का दौरा किया था तथा गोलीबारी की घटना को बहुत ही गंभीर और संवेदनशील बताते हुए न्यायिक परिसर व लघु सचिवालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने को लेकर पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए थे। न्यायाधीश मुद्गिल ने परिसर की चारदिवारी को ऊंचा उठाने के साथ-साथ अनाधिकृत या गैर जरूरी प्रवेश और निकास द्वार, रास्तों को तुरंत प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए। इसके साथ उन्होंने प्रवेश द्वारों पर नागरिकों की चेकिंग करने व लघु सचिवालय व न्यायिक परिसर के आसपास बैरीगेटिंग लगाने व वाहनों की तलाशी के भी निर्देश दिए थे ताकि कोई व्यक्ति शस्त्र या अन्य किसी प्रकार का हथियार लेकर ना जा सके और लोग यहां पर अपने आपको सुरक्षित भी महसूस करें। न्यायाधीश द्वारा निरीक्षण किए जाने व आदेशों के चलते जिला व पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई शुरु की। तहसील की तरफ चारदिवारी को ऊंचा उठाना शुरु किया और अनाधिकृत गेट को बंद करने का काम किया। वहीं इसी तरफ एक आपातकालीन गेट बनाया गया है, जो किसी भी आपातकालीन स्थिति में खोला जा सके। वहीं दूसरी ओर लघु सचिवालय परिसर और न्यायिक परिसर के चारों ओर पुलिस द्वारा नाके लगा दिए गए हैं और न्यायिक परिसर में आने के दौरान पुलिस द्वारा मेटल डिटेक्टर द्वारा तलाशी की जा रही है। यहां पर पुलिस की सख्ती देखते ही नजर आ रही है। वाहनों की तलाशी ली जा रही है। सेशन जज डीआर चालिया, डीसी साहिल गुप्ता और एसएसपी सुमित कुमार ने भिवानी कोर्ट कॉम्प्लेक्स व लघु सचिवालय परिसर का दौरा किया और यहां पर करवाई जा रही कड़ी सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान बार के प्रधान संदीप तंवर, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षक अभियंता सुरेंद्र दलाल व कार्यकारी अभियंता लोकेश डागर भी साथ रहे। उन्होंने यहां पर दीवार को ऊंचा उठाने के निर्माण कार्य, आपातकालीन गेट और पुलिस द्वारा गहना की जा रही जांच, बेरीगेटिंग निरीक्षण का जायजा लिया और जरूरी निर्देश दिए। वहीं डीसी एवं जिलाधीश द्वारा परिसर के 100 मीटर के दायरे में धारा 163 भी लागू करने के आदेश जारी किए जा चुके हैं, जिसमें इस दायरे में बिना किसी कार्य के संदिग्द रूप से इधर-उधर घूमना, पांच या पांच से अधिक व्यक्त्यिों के एकत्रित होने, धरना-प्रदर्शन, शस्त्र आदि पर प्रतिबंद लगाया गया है। प्रवर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार द्वारा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। डीसी गुप्ता ने कहा कि आमजन की सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।




