राष्ट्रीय

1 करोड़ के इनामी नक्सली समेत 3 मारे गए, मौके से बरामद हुई AK-47

झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है. हजारीबाग जिले में सोमवार की सुबह गीरहोर थाना क्षेत्र के तहत आने वाले पनतीतरी के जंगली इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच भयानक मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में 1 करोड़ रुपये के इनामी कुख्यात नक्सली सहदेव सोरेन उर्फ अनुज सहित तीन नक्सलियों को सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया.

सहदेव भाकपा (माओवादी) के केंद्रीय कमेटी का सदस्य था. वहीं, इस ऑपरेशन में मारे गए दूसरे नक्सली की पहचान 25 लाख के ईनामी और स्पेशल एरिया कमेटी के मेंबर रघुनाथ हेंब्रम के रूप में हुई है. इसके अलावा तीसरा मारा गया नक्सली बीरसेन गंझू था, जिस पर 10 लाख का इनाम था. मुठभेड़ के बाद मारे गए नक्सलियों के पास से तीन AK-47 हथियार भी बरामद हुआ है.

सुरक्षा एजेंसियों को एक करोड़ के इनामी नक्सली सहदेव सोरेन के दस्ते के इलाके में मौजूद होने की गुप्त जानकारी मिली थी. इसके बाद सुरक्षा बलों की एक टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. इस ऑपरेशन में कोबरा बटालियन, हजारीबाग और गिरिडीह पुलिस शामिल थी. सुबह करीब 6 बजे अभियान के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी. जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई.

इस एनकाउंटर में मारे गए तीनों नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं. पुलिस मुख्यालय ने ऑपरेशन की पुष्टि करते हुए कहा कि जहां नक्सलियों को एनकाउंटर हुआ है वहां से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुए हैं. सुरक्षाबलों का सर्च अभियान अभी भी जारी है. इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है.

पहले भी हो चुकी है बड़ी कार्रवाई

इससे पहले 21 अप्रैल, 2025 को बोकारो जिले के लुगूबुरु पहाड़ में भी सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई की थी. उस एनकाउंटर में 1 करोड़ रुपये के इनामी और केंद्रीय कमेटी के सदस्य प्रयाग मांझी उर्फ विवेक सहित आठ नक्सली ढेर हुए थे. इस ऑपरेशन में मारे गए नक्सलियों में 25 लाख के इनामी अरविंद यादव और 10 लाख के इनामी साहेब राम मांझी भी शामिल थे.

Related Articles

Back to top button