भिवानी (ब्यूरो): यहां सेक्टर 13 स्थित गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, भिवानी में आज सॉफ्ट स्किल पर एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया । वर्तमान ग्लोबल आवश्यकताओं के अनुरूप विद्यार्थियों में समय की माँग के अनुसार सॉफ्ट स्किल्स का विकास करने हेतु आयोजित किए गए इस विशेष सत्र में आयोजित एफ डी डी आई रोहतक के सीनियर फैकल्टी अमित सेन ने छात्र‑छात्राओं को इंटरव्यू की तैयारी और सॉफ्ट स्किल्स के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
‘इंटरव्यू कौशल एवं सॉफ्ट स्किल्स’ विषय पर आधारित इस विशेष सत्र का मुख्य उद्देश्य छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ाने, प्रभावी संचार, पेशेवर व्यवहार और रिज़्यूमे निर्माण में व्यावहारिक टिप्स प्रदान करना था । इस विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए एफ डी डी आई के अमित सेन ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आगामी युग सॉफ्ट स्किल्स का है जिसमें योग्यतम व्यक्ति ही अपना स्थान बना पाएंगे । सेमिनार में विद्यार्थियों को डॉ सन्नी पन्नू, विभागाध्यक्ष डॉ कविता पन्नू और उपप्रधानाचार्य एवं टी पी ओ बृजमोहन ने भी संबोधित किया। सत्र में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेकर प्रश्न‑उत्तर के माध्यम से अपनी शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम के समापन पर संस्थान की प्राचार्या डॉ गीता गुलिया ने सेमिनार के मुख्य वक्ता अमित सेन को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया और कहा कि कॉलेज प्रबंधन इस प्रकार के कार्यशालाओं को नियमित रूप से आयोजित कर छात्रों की पेशेवर विकास में सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है।




