हरियाणा

मेयर बनते ही एक्शन में सौरभ जोशी: जनता दरबार लगाकर सुनीं समस्याएं, बोले- “दफ्तर में नहीं, अब जनता के बीच रहूंगा”

चंडीगढ़: चंडीगढ़ नगर निगम में जनता की समस्याएं सुलझाने के लिए जनता दरबार “आपका शहर, आपकी आवाज” लगाया गया. भले ही मेयर सौरभ जोशी 35 मिनट लेट पहुंचे, लेकिन इससे पहले ही लोगों की भीड़ जुट गई थी. इसलिए जनता नाराज भी नजर आई. खास बात तो ये रही कि लोग परेशानियां लेकर कम और बधाई देने के लिए बुके लेकर ज्यादा पहुंचे थे.

इस अवसर पर जनता दरबार में नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, विशेष आयुक्त प्रदीप कुमार, संयुक्त आयुक्त डॉ. हिमांशु गुप्ता और डॉ. इंदरजीत सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों की मौजूदगी में कई मामलों पर मौके पर ही दिशा-निर्देश जारी किए गए. मेयर सौरभ जोशी ने विभिन्न सेक्टरों से आए नागरिकों, बाजार एसोसिएशन, श्रमिक संगठनों, रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं, दुकानदारों और सामाजिक संगठनों की समस्याएं सुनीं. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निपटारे के लिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए.

शहरवासियों की मुख्य परेशानियां: वहीं, जनता दरबार में सीवरेज से जुड़ी समस्याएं, रेहड़ी-पटरी शुल्क और जुर्माना राहत, स्ट्रीट वेंडर्स की दिक्कतें, ई-रिक्शा स्टैंड निर्माण, शौचालय और पेयजल की सुविधा, छोटे फ्लैटों में मूलभूत सुविधाओं की कमी, पार्कों और ग्रीन बेल्ट की देखरेख, अवैध वेंडिंग, मकानों की सील खोलने, बाजारों में दुकानदारों की समस्याएं, रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी क्षेत्र से जुड़े मुद्दे, जलभराव, सफाई, खराब सड़कों, नगर निगम कर्मचारियों के वेतन से जुड़े मामले और एलआईजी-ईडब्ल्यूएस हाउसिंग सोसाइटी से संबंधित समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं.

“दफ्तर में नहीं लोगों के बीच नजर आएंगे”: सौरभ जोशी ने बताया कि “मेयर के तौर पर मेरे पहले दिन के बुलावे पर ही शहर के लोग मुझे मिलने के लिए जनता दरबार में शामिल हुए. जिसमें ज्यादातर लोग गरीब तबके और मजदूर तबके से आते हैं. लोगों के द्वारा शहर का पहला नागरिक माना गया है. लेकिन मेरा मानना है कि मैं शहर का आखिरी नागरिक हूं. जब तक शहर के लोगों की समस्याओं को हल नहीं करता, तब तक मैं लोगों के बीच ही नजर आएंगे. यह पहली बार नहीं होगा जब जनता का दरबार नगर निगम में लगाया गया है. अब हम नगर निगम की अधिकारियों की मदद से जनता दरबार जनता के बीच जाकर लगाएंगे. शहर वासियों की समस्याओं को उन्हीं के इलाके में समझते हुए सुलझाया जाए”.

आगे भी जारी रहेगा जनता दरबार का सिलसिला: मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि “जनता दरबार नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद का एक अहम माध्यम है. आगे भी ऐसे जनता दरबार आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके और शहर में नागरिक सुविधाओं में सुधार हो.” इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए और तय समय में कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए.

Related Articles

Back to top button