ग्रामीण विकास का आधार है स्वच्छता : सांसद धर्मबीर सिंह
स्वच्छता के लिए सांसद ने 24 गांवों को भेंट किए स्मॉल टै्रक्टर
भिवानी,(ब्यूरो): सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने गांवों में सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखने के लिए शनिवार को स्थानीय पंचायत भवन में माइनिंग फंड से करीब 72 लाख रुपए की लागत से जिला के 24 गांवों को स्मॉल ट्रैक्टर भेंट किए। कार्यक्रम में सांसद ने अपना संदेश देते हुए कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों का दायित्व बनता है कि वे गांव को स्वच्छ और निर्मल बनाएं। हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गांवों और शहरों को स्वच्छ बनाने के सपने को साकार करना है। उन्होंने कहा कि इसमें पंचायत और अन्य जनप्रतिधियों के साथ-साथ प्रबुद्धजनों का सहयोग जरूरी है। सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा गांवों के समग्र विकास के लिए हर संभव सहायता राशि दी जा रही है। गांव का विकास ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों पर निर्भर होता है। उन्होंने कहा कि 31 मार्च तक भिवानी, दादरी और महेंद्रगढ़ जिला में 200 ट्रैक्टर और दिए जाएंगे, इससे पहले भी इन जिलों जरूरत के अनुरूप ट्रैक्टर-ट्राली और टैंकर दिए जा चुके हैं। सांसद ने कहा कि अब वीबीजी राम जी योजना में तीन गुणा बजट की बढ़ोतरी की गई है। इससे जरूरतमंद मजदूरों को और अधिक रोजगार मिलेगा, जिससे उनके परिवार में खुशहाली आएगी। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से गांवों सेे किसी भी प्रकार के नशे की बुराई को जड़मूल से समाप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हमें प्रधानमंत्री मोदी के 2047 में भारत को पूर्णरूप से विकसित बनाने के विजन में अपना पूर्ण सहयोग देना है।
सांसद ने हरी झंडी दिखाकर ट्रैक्टरों को रवाना किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक, एडवोकेट हरि सिंह सांगवान, अमर सिंह हालुवासिया, शीशराम चेयरमैन, दिलबाग नीमड़ी, सुनील वर्मा नंबरदार, प्रदीप प्रजापत, पूर्व जिला पार्षद भूपेंद्र भोलू, सुनील भारीवास, रामकिशन हलवासिया सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



