हरियाणा

लोहारू: 1948 के पुराने रिकॉर्ड पर मचा बवाल, व्यापार मंडल ने विधायक राजबीर फरटिया को सौंपा ज्ञापन

लोहारू। नगर के मुख्य बाजार और अनाज मंडी क्षेत्र की जमीन से जुड़े राजस्व रिकॉर्ड में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए व्यापार मंडल लोहारू ने क्षेत्रीय विधायक राजबीर फरटिया को मांग पत्र सौंपा है। मंडल ने मामले की शीघ्र निष्पक्ष जांच कर राजस्व रिकॉर्ड को दुरुस्त कराने की मांग की है।

व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 1939 में तत्कालीन नवाब लोहारू ने बाजार एवं अनाज मंडी क्षेत्र की जमीन खरीदकर विकसित की थी तथा दुकानदारों और व्यापारियों को मालिकाना हक प्रदान किए गए थे। नगर पालिका के रिकॉर्ड में भी लंबे समय तक संबंधित दुकानदारों और व्यापारियों के नाम दर्ज रहे।

मंडल का आरोप है कि 29 सितंबर 1948 को किसी कारणवश उक्त जमीन से संबंधित इंतकाल नंबर 874 को राजस्व रिकॉर्ड से खारिज कर दिया गया, जबकि खारिज करने से संबंधित कोई स्पष्ट सरकारी रिपोर्ट या दस्तावेज उपलब्ध नहीं है। व्यापारियों का कहना है कि इसी के चलते वर्तमान में प्रॉपर्टी आईडी में उक्त क्षेत्र को अनधिकृत दर्शाया जा रहा है और वर्षों से काबिज लोगों को अवैध कब्जाधारी बताया जा रहा है।

व्यापार मंडल के अनुसार पूर्व में इस क्षेत्र में दुकानों की खरीद-फरोख्त, नक्शा स्वीकृति और अन्य लेन-देन नियमित रूप से होते रहे हैं, लेकिन प्रॉपर्टी आईडी बनने के बाद व्यापारियों और निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे न केवल व्यापार प्रभावित हो रहा है, बल्कि सरकार और नगर पालिका को भी राजस्व हानि हो रही है। पदाधिकारियों ने बताया कि इस विषय को लेकर पूर्व में प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार मुलाकात की जा चुकी है। वर्ष 2021 में एडीसी की अध्यक्षता में छह सदस्यीय कमेटी का गठन भी किया गया था, जिसे एक माह में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।

व्यापार मंडल ने विधायक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर राजस्व रिकॉर्ड को सही कराया जाए ताकि वर्षों से कारोबार कर रहे व्यापारियों को राहत मिल सके और बाजार व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके। मंडल ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो व्यापारियों को आंदोलनात्मक कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ेगा।

इस संबंध में विधायक राजबीर फरटिया ने कहा कि वे जल्द ही डीसी भिवानी और मुख्यमंत्री से मिलकर समस्या के समाधान का प्रयास करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि लोहारू विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और न्यायोचित समाधान के लिए आवाज बुलंद की जाएगी। ज्ञापन सौंपने वालों में संजय खंडेलवाल, रामभगत सोलंकी, प्रेम सोनी, निरंजन तायल, करण गुप्ता सहित व्यापार मंडल के सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button