हलवासिया विद्या विहार में मनाया राव तुलाराम का शहीदी दिवस
भिवानी, (ब्यूरो): हलवासिया विद्या विहार में अभिमन्यु सदन की ओर से प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक अमर शहीद राव तुलाराम जी की स्मृति में ‘शहीदी दिवस’ बड़े श्रद्धाभाव से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ। सर्वप्रथम विद्यालय प्रशासन व स्टाफ सदस्यों द्वारा राव तुलाराम जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। तत्पश्चात आचार्या अनुराधा ने मधुर गीत प्रस्तुत कर वीर शहीद को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। आचार्या अनीता गोयल ने अपने भाषण में राव तुलाराम के अद्वितीय जीवन व बलिदान पर प्रकाश डाला। मंच संचालन आचार्या मीनाक्षी अग्रवाल ने किया। विद्यालय प्रशासक डॉ. शमशेर सिंह अहलावत ने उनको भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राव तुलाराम जैसे वीरों ने ही अंग्रेज़ी साम्राज्य की जड़ें हिला दी थीं।आज जिस प्रकार हम आज़ादी की साँस ले रहे हैं, वह इन्हीं महापुरुषों एवं क्रांतिकारियों की कुर्बानियों की देन है।उनके बलिदान की गूँज आने वाली पीढिय़ों को सदैव प्रेरित करती रहेगी। प्राचार्य विमलेश आर्य ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि राव तुलाराम जैसे वीर सपूतों ने न केवल स्वतंत्रता की चिंगारी को प्रज्वलित किया बल्कि पूरे देश में एकता, साहस और त्याग का संदेश फैलाया। इस अवसर पर उप-प्राचार्य दीपक वशिष्ठ, विभाग प्रमुख अलेक्जेंडर दास, अमरेंद्र कुमार, सुवीरा गर्ग, वीणापाणि महता, अभिमन्यु सदन प्रमुख कविता तंवर, सिंपल बागला, आचार्या आशा शर्मा, बिजयलक्ष्मी, सुमन महता, किरण मखीजा, पूनम तंवर, सोनिया, आचार्य सूरजभान लांबा, दानवीर राणा, राजेश मोदी, मनोज कुमार, नरेश महता, सुभाष गिल, रमेश बंसल सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।




