भारत देश तेज गति से विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है: रणबीर गंगवा

भिवानी, (ब्यूरो): प्रदेश के लोक निर्माण तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अपने 11 वर्ष के शासनकाल में हर वर्ग के लिए जन कल्याणकारी योजनाएं लागू करने का काम किया है। भारत की आज विश्व में अलग ही पहचान बनी है, देश ने अपने खोई हुई साख को फिर से हासिल किया है। केंद्र सरकार की तरह प्रदेश की भाजपा सरकार ने जनहितकारी नीतियां लागू कर लोगों का विश्वास जीतने का काम किया है। गंगवा ने सरकार के 11 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष में सरकार की जनहितकारी योजनाओं पर आधारित सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा स्थानीय लघु सचिवालय परिसर स्थित सरल केंद्र में
लगाई गई प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान डीसी महावीर कौशिक भी मौजूद रहे। पत्रकारों से बातचीत करते हुए लोक निर्माण मंत्री गंगवा ने कहा कि 11 वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और सरकार ने नई टेक्नोलॉजी को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि भारत का रक्षा निर्यात 34 गुना बढक़र 23622 करोड़ तक पहुंच गया है। यह प्रधानमंत्री मोदी के रणनीतिक दूरदर्शिता और कूटनीति का परिणाम है। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने कहा कि आज भारत विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। वैश्विक डिजिटल लेनदेन में 49 फीसदी लेनदेन भारत में होते हैं। देश का वस्तु और सेवा निर्यात 825 अरब डालर पहुंच तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने डीबीटी की शुरुआत कर 44 लाख करोड रुपए सीधे लाभार्थियों के खाते में पहुंचना शुरू किया, इससे दलालों को घर बैठाने का काम हुआ तथा भ्रष्टाचार पर लगाम लगी। कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आई।
उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में तरक्की की है। मोदी सरकार में 99 फीसदी गांव सडक़ कनेक्टिविटी से जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि देश में प्रतिदिन 34 किलोमीटर हाईवे का निर्माण हो रहा है। रेलवे के बजट को 9 गुना बढ़ाया गया है। इसी प्रकार से 136 बंदे भारत ट्रेन चल रही हैं, जिससे लोगों का ट्रेन में सफर आसान हुआ है। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए 103 अमृत भारत स्टेशन पुनर्निमित किए गए हैं। हवाई सफर को देश के आम जन तक की सुगम ढंग से पहुंचने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम से लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण मिला है। तीन तलाक को खत्म किया है। इसी प्रकार से मातृत्व अवकाश 26 सप्ताह किया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में 10 करोड़ से अधिक महिलाएं 90 लाख स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं और 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य किया गया है। उन्होंने बताया कि मुद्रा योजना के तहत 35.38 करोड़ महिलाओं को 14.72 लाख करोड़ का ऋण दिया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सेना में स्थाई कमीशन दिया गया है। भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने लोक निर्माण मंत्री का स्वागत किया। इस मौके पर भिवानी से विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा से विधायक कपूर बाल्मीकि, राष्ट्रीय परिषद के सदस्य शंकर धुपड़, बवानीखेड़ा नगर पालिका चेयरमैन सुंदर अत्री, पूर्व जिलाध्यक्ष नंदराम धानिया, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सोनू सैनी सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहें।