हरियाणा

भाजपा की प्राथमिकताओं में अन्नदाता नहीं है शामिल, केंद्रीय बजट में किया साबित : राकेश आर्य

भिवानी,(ब्यूरो): केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा रविवार को पेश किए गए केंद्रीय बजट 2026-27 को भारतीय किसान यूनियन ने किसानों के लिए छलावा करार दिया है। भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष राकेश आर्य ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि इस बजट ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सरकार की प्राथमिकताओं में देश का अन्नदाता कहीं नहीं है। जिला अध्यक्ष राकेश आर्य ने कहा कि किसान पिछले लंबे समय से कृषि लागत में कमी और बुनियादी ढांचे में सुधार की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन भाजपा सरकार के इस बजट से उन्हें केवल निराशा हाथ लगी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के इस बजट में किसानों के लिए हर तरफ से निराशा ही निराशा है। हमने सोचा था कि सरकार इस बार धरातल पर कुछ ठोस करेगी, लेकिन यह बजट केवल आंकड़ों की बाजीगरी और पुराने वादों का पिटारा मात्र है। राकेश आर्य ने विशेष रूप से भंडारण सुविधाओं के अभाव का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जिले और प्रदेश का किसान लंबे समय से कोल्ड स्टोरेज की सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग कर रहा था ताकि फसलों की बर्बादी रोकी जा सके और किसानों को उनकी उपज का सही दाम मिल सके। राकेश आर्य ने बजट को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि सरकार केवल कॉर्पोरेट घरानों को फायदा पहुँचाने वाली नीतियां बना रही है।

Related Articles

Back to top button