Rahul Gandhi आज आएंगे चंडीगढ़, संगठन बनाने की रखेंगे नींव, क्या खत्म हो जाएगी हरियाणा कांग्रेस की गुटबाजी?

चंडीगढ़: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आज हरियाणा कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में आ रहे हैं। आज राहुल गांधी लगभग साढ़े तीन घंटे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में रुकेंगे। वह चंडीगढ़ में प्रदेश कांग्रेस की सीनियर लीडरशिप से मिलकर गुटबाजी खत्म करने और संगठन को मजबूत करने का रोडमैप देंगे।
जिलाध्यक्षों के चयन के फार्मूले को लेकर हो सकती है चर्चा
कांग्रेस ने जिलाध्यक्षों के चयन के लिए केंद्रीय व प्रदेश स्तर पर ऑब्जर्वर नियुक्त कर दिए हैं लेकिन कांग्रेस प्रदेश प्रभारी बी. के. हरिप्रसाद की मानें तो कांग्रेस का यह प्रयास रहेगा कि सर्वसम्मति से जिलाध्यक्षका चयन हो जाए और अगर सर्वसम्मति नहीं बनी तो 3 नामों का पैनल तैयार कर हाईकमान के समक्ष भेजा जाएगा। राहुल गांधी प्रदेश कांग्रेस के संगठन गठन को लेकर चंडीगढ़ के सैक्टर-9 स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में 2 बैठकें लेंगे। पहली बैठक में प्रदेश कांग्रेस के 17 वरिष्ठ नेताओं के साथ उनकी बातचीत होगी। इस बैठक में जिलाध्यक्षों के चयन को लेकर अपनाए जाने वाले फार्मूले को लेकर चर्चा हो सकती है। राहुल गांधी इन नेताओं को एकता का पाठ भी पढ़ा सकते हैं। गुजरात में जिलाध्यक्ष के साथ 2 कार्यकारी जिलाध्यक्ष नियुक्त करने का फार्मूला अपनाया गया है, यही फार्मूला हरियाणा में भी अपनाया जा सकता है। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक के बाद राहुल गांधी केंद्रीय पर्यवेक्षकों व हरियाणा कांग्रेस द्वारा नियुक्त किए गए प्रदेश पर्यवेक्षकों की बैठक लेंगे।