प्राचार्य विमलेश आर्य डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन अवार्ड से सम्मानित

भिवानी, (ब्यूरो): हलवासिया विद्या विहार के प्राचार्य विमलेश आर्य को राष्ट्रीय शिक्षक पर्व के उपलक्ष्य में हनुमान जोहड़ी नरसिंह मंदिर में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में उनकी शिक्षा जगत में सेवाओं और उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षक अवार्ड-2025 से सम्मानित किया गया। समारोह में हरियाणा के 80 शिक्षकों सहित 8 राज्यों के 21 शिक्षकों को मिलाकर कुल 101 शिक्षकों को यह सम्मान प्राप्त हुआ।समारोह में सांसद धर्मबीर सिंह और हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्राचार्य विमलेश आर्य को शिक्षा, खेल, कला-संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, नशा मुक्ति अभियान, समाज सेवा, सडक़ सुरक्षा, प्लास्टिक जागरूकता और स्वच्छ भारत अभियान जैसे क्षेत्रों में सराहनीय योगदान हेतु सम्मान पत्रक एवं ट्रॉफ़ी प्रदान की गई। गौरतलब है प्राचार्य को इससे पूर्व भी टीआईटीएस कॉलेज द्वारा भी शैक्षणिक गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान हेतु गणित दिवस के उपलक्ष्य में लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। सम्मान के इसी क्रम में पानीपत में पानीपत इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी कॉलेज एवं दैनिक भास्कर के सौजन्य से शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा द्वारा विद्यालय को सर्वश्रेष्ठ विद्यालय-2025 अवार्ड भी प्रदान किया गया।हाल ही में प्राचार्य को लायंस ओलंपियाड फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा शिक्षा क्षेत्र में नवाचार हेतु भारत शिक्षा रत्न सम्मान भी दिया गया है।उनकी नई शिक्षा नीति से जुड़ी टेबल मास्टरी पुस्तक का भी हाल ही में विमोचन हुआ है। जिसके माध्यम से उन्होंने शिक्षकों व विद्यार्थियों के लिए सरल तरीके से वैदिक गणना के माध्यम से उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराई है। उनके कुशल निर्देशन में हलवासिया विद्या विहार ने अकादमिक परिणामों और खेलकूद दोनों ही क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। विद्यालय प्रशासक डॉ. शमशेर सिंह अहलावत, उप-प्राचार्य दीपक वशिष्ठ, विभाग प्रमुख अलेक्जेंडर दास, अमरेंद्र कुमार, सुवीरा गर्ग, वीणापाणि महता तथा आचार्यगण द्वारा उन्हें शुभकामनाएँ दी गई।