हरियाणा

हरियाणा के लिए गर्व: अंतिम पंघाल ने अपने प्रदर्शन से जीता गोल्ड

दो बार की विश्व चैंपियनशिप विजेता अंतिम पंघाल ने शुक्रवार को हैदराबाद में शुरू हुई 2025 सीनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप में महिला 55 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। टूर्नामेंट के पहले दिन महिला कुश्ती के सभी 10 भार वर्गों में मुकाबले हुए जहां देश की पहलवानों ने 2026 एशियाई खेलों और अगले ओलंपिक चक्र की तैयारी शुरू की।

रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड (आरएसपीबी) का प्रतिनिधित्व कर रही ओलंपियन अंतिम पंघाल अब 55 किलोग्राम भार वर्ग में खेल रही हैं जबकि पहले वह 53 किलोग्राम में खेलती थीं। उनके अलावा मनीषा (57 किलोग्राम) और निशा दहिया (68 किलोग्राम) ने भी अपने-अपने वर्गों में स्वर्ण पदक जीते। प्रिया मलिक को 76 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में हरियाणा की ज्योति बेरवाल से हारने के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता मानसी ने 62 किलोग्राम वर्ग में तीसरा स्थान हासिल किया। राजस्थान की अंजली ने 53 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि हरियाणा की रजनीता ने 59 किलोग्राम वर्ग में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। हरियाणा की पुलकित ने 65 किलोग्राम वर्ग में जीत हासिल की, जबकि सेना खेल संवर्धन बोर्ड (एसएससीबी) की दीक्षा ने 72 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।

Related Articles

Back to top button