फरीदाबाद में पिता–बेटी की आत्महत्या की कोशिश, बाद में सामने आया चौंकाने वाला दृश्य

फरीदाबाद : जिले के धौज थाना क्षेत्र के नेकपुर गांव में शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के 32 वर्षीय युवक कर्मवीर ने अपनी तीन बेटियों के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना में कर्मवीर और उसकी 10 वर्षीय बेटी छवि की मौत हो गई, जबकि दो छोटी बेटियां निशु (8 वर्ष) और सृष्टि (6 वर्ष) गंभीर हालत में मिलीं। दोनों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पशु बांधने वाले बाड़े में लगाया फंदा
जानकारी के मुताबिक, कर्मवीर अपनी तीनों बच्चियों के साथ घर के बाहर बने पशु बांधने वाले बाड़े में सोया करता था। बीती रात भी वह यहीं सोया था। सुबह करीब 4:30 से 5 बजे के बीच उसने पहले बेटियों को फंदे पर लटकाया और फिर खुद भी फांसी लगा ली। जब परिवार का एक सदस्य सुबह वहां पहुंचा तो उसने चारों को फंदे पर लटका देखा। शोर मचने पर गांव के लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर
सूचना मिलते ही धौज थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि दो बच्चियों की सांसें चल रही थीं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहीं कर्मवीर और बड़ी बेटी छवि की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
आत्महत्या से पहले बनाया वीडियो
इस पूरे मामले ने तब और सनसनी फैला दी जब पता चला कि कर्मवीर ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में उसने अपनी पत्नी चंचल, सास बबिता, सालियां ज्योति और पूजा, और पत्नी की बुआ पूनम पर गंभीर आरोप लगाए। उसने आरोप लगाया कि ये सभी महिलाएं वेश्यावृत्ति में लिप्त हैं और उसे तथा उसकी पत्नी को भी इसमें कई बार फंसाने की कोशिश की। कर्मवीर ने कहा कि उसकी मौत का जिम्मेदार यही लोग हैं और पुलिस उनके मोबाइल फोन चेक कर कड़ी कार्रवाई करे।
डेढ़ साल से चल रहा पारिवारिक विवाद
गांव वालों के अनुसार, कर्मवीर का अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के साथ पिछले डेढ़ साल से विवाद चल रहा था। इसी वजह से पति-पत्नी अलग रहने लगे थे। बताया जा रहा है कि करीब 7 दिन पहले भी झगड़ा हुआ था, जिसके बाद से कर्मवीर काफी परेशान रहने लगा। वह डेरी चलाकर बच्चों की पढ़ाई और परिवार का पालन-पोषण करता था।
पुलिस ने शुरू की जांच
जांच अधिकारी का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद और तनाव का लग रहा है। मृतक द्वारा बनाए गए वीडियो की भी जांच की जा रही है। फिलहाल मृतक के ससुराल पक्ष और परिजनों से पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके।