हरियाणा

भिवानी में मौत का गड्ढा! हनुमान गेट पर NH-709E की सड़क धंसी, बड़े हादसों का मंडरा रहा खतरा


भिवानी। शहर के हनुमान गेट क्षेत्र में एनएच-709 ई मार्ग पर जलापूर्ति (पेयजल सप्लाई) पाइप लाइन और गहरी सीवर लाइन का कार्य किए जाने के बाद एक बार फिर सड़क धंस गई है। धंसी हुई मुख्य सीवर लाइन की जगह गहरी खाई बन जाने से हादसों की आशंका बनी हुई है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने यहां खोदाई कराकर मरम्मत कार्य शुरू तो कर दिया है लेकिन काम अभी अधर में लटका हुआ है।

हनुमान गेट चौक पर मुख्य लाइन धंसने से सड़क के बीचोंबीच गहरा गड्ढा बन गया है। इससे गुजरने वाले वाहनों के लिए स्थिति बेहद खतरनाक हो गई है। हिट एंड रन सड़क सुरक्षा कानून समिति के सदस्य एवं सड़क सुरक्षा कार सेवा अभियान के सूत्रधार अशोक कुमार भारद्वाज ने बताया कि हनुमान गेट क्षेत्र में पानी और सीवर लाइन की लीकेज के कारण गहरा गड्ढा बन गया है। नेशनल हाईवे की सड़क का बड़ा हिस्सा टूट चुका है जिससे भारी वाहन इसके पास से गुजरते समय फंसने या पलटने का खतरा बना हुआ है।

उन्होंने बताया कि छोटे वाहन चालक भी असंतुलित होकर दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। सड़क के नीचे की मिट्टी धंसने से हालात और भी गंभीर हो गए हैं। रात के समय यह गड्ढा स्पष्ट दिखाई नहीं देता था जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ गई थी। समस्या को लेकर अशोक कुमार भारद्वाज ने भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, विधायक घनश्याम सर्राफ और संबंधित विभाग से कार्रवाई की अपील की थी।
इस पर संज्ञान लेते हुए विभाग ने तीसरी बार मरम्मत कार्य शुरू कराया है लेकिन पूरा नहीं हो पाया। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता सुनील रंगा ने बताया कि हनुमान गेट क्षेत्र में एक सीवर मैनहोल क्षतिग्रस्त हो गया है जिसकी मरम्मत का कार्य जारी है।

Related Articles

Back to top button